Uttar Pradesh

किसी संगठन की सफलता समर्पित कर्मचारियों पर निर्भर : चेतना जोशी

महिला संगठन व रेलकर्मी

–रेलवे महिला कल्याण समिति ने 89 रेलकर्मियों को किया सम्मानितप्रयागराज, 06 मई (Udaipur Kiran) । किसी भी संगठन की सफलता संगठन के समर्पित कर्मचारियों पर निर्भर करती है। किसी देश की तरक्की उस देश के कामगारों और किसानों पर निर्भर करती है। भारतीय रेल आज प्रगति के पथ पर दौड़ रही है। इसमें सर्दी, बरसात और गर्मी के मौसम में पसीना बहाने वाले ट्रैकमैन, कीमैन, पॉइंट्समैन, गेटमैन जैसे कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है।उक्त विचार उत्तर मध्य रेलवे के महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा चेतना जोशी ने प्रयागराज मण्डल के सभागार में व्यक्त किया। मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस के उपलक्ष्य में प्रयागराज मण्डल के महिला कल्याण समिति की अध्यक्षा वंदना अग्रवाल की अध्यक्षता में कार्यक्रम किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि चेतना जोशी ने 89 समर्पित, कर्मठ और परिश्रमी रेलवे कर्मचारियों को उत्कृष्ट कार्य के लिए उपहार एवं प्रमाणपत्र से सम्मानित किया।

प्रयागराज मण्डल के महिला कल्याण समिति की अध्यक्षा वंदना अग्रवाल ने कहा कि दुनिया के सभी देशों में प्रतिवर्ष 01 मई को श्रमिक दिवस-मजदूर दिवस के रूप में भी जाना जाता है। इस दिन को मनाने का उद्देश्य मजदूरों और श्रमिकों को सम्मान देना है। मजदूर दिवस को लेबर डे, श्रमिक दिवस, मई डे के नाम से जाना जाता है। इस खास मौके पर श्रमिकों द्वारा किये गए योगदान को भी याद किया जाता है। इस दिन श्रमिकों की अहमियत और अधिकारों के बारे में जागरुकता फैलाई जाती है।

पीआरओ अमित कुमार सिंह ने बताया कि इस अवसर पर प्रयागराज मण्डल के महिला कल्याण समिति द्वारा संचालित स्कूल के बच्चों ने मनमोहक नृत्य भी प्रस्तुत किये। इस दौरान प्रयागराज मण्डल की रेलवे महिला कल्याण समिति की उपाध्यक्षा तरुणा प्रकाश; सचिव प्रीति केसरवानी; कोषाध्यक्ष निहारिका सिंह; उत्तर मध्य रेलवे के महिला कल्याण संगठन की सचिव रिचा वर्मा एवं कोषाध्यक्षा सुप्रिया सिन्हा के साथ-साथ संगठन एवं समिति की अन्य सदस्यायें भी उपस्थित रहीं।

(Udaipur Kiran) / विद्याकांत मिश्र

Most Popular

To Top