Uttar Pradesh

कांग्रेस की राजनीति वोट के लिए एवं भाजपा की राष्ट्र व समाज के लिए : अमरपाल मौर्य

सम्बोधित करते वक्ता

– भाजपा कार्यकर्ताओ का सिद्धांत रहा कि पहले देश, फिर दल और अंत में स्वयंहित : दिलीप पटेल

– यह लड़ाई राष्ट्र विरोधी और राष्ट्र भक्तों के बीच की है : दिलीप पटेल

– उपचुनाव को लेकर काशी क्षेत्र कार्यसमिति की बैठक

प्रयागराज, 19 जुलाई (Udaipur Kiran) । भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है, संगठन के ताकत पर केन्द्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में तीसरी बार भाजपा सरकार बनी है। अब झूठे फरेबियों को जनता के बीच सच्चाई बताना है। क्योंकि यह राष्ट्र विरोधी और राष्ट्र भक्तों के बीच की लड़ाई है।

यह बातें शुक्रवार को त्रिवेणी संगम अंदावा प्रयागराज में काशी क्षेत्र कार्यसमिति की बैठक को सम्बोधित करते हुए उद्घाटन सत्र के मुख्य वक्ता काशी क्षेत्र अध्यक्ष दिलीप सिंह पटेल ने कही। उन्होंने काशी क्षेत्र कार्यसमिति के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि 2047 में मोदीजी के विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को पूरा कर विरोधियों को मात देना हम सबका संकल्प है। अब हमें चिंता की नहीं चिंतन की आवश्यकता है। 2027 में विरोधियों को हराकर भाजपा को प्रचंड बहुमत से विजय दिलाना हम सबका संकल्प है।

काशी क्षेत्र अध्यक्ष ने आगे कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओ का सिद्धांत रहा है कि पहले देश, फिर दल और अंत में स्वयंहित होता है। यही संगठन की विचारधारा भी है। जब केंद्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार बनी तो राष्ट्र नायक डॉ.श्यामा प्रसाद मुखर्जी का सपना साकार हुआ। कश्मीर से धारा 370 हटाया गया। सैकड़ों वर्ष से राममंदिर निर्माण का सपना भी पूरा हुआ। भाजपा राष्ट्रीय विचार की राजनीति करती है। 2024 के चुनाव में भाजपा काशी क्षेत्र की सीटों पर अपेक्षाकृत सफलता नहीं मिली, लेकिन यह कार्यकर्ताओ का ही सहयोग रहा कि केंद्र में तीसरी बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनी। यह छह दशक बाद भारतीय राजनीति में सम्भव हो सका है। सपा व कांग्रेस परिवारवादी व जातिवादी राजनीति करती है। बीते लोकसभा चुनाव में भ्रम, भय व झूठ के बल पर आंशिक सफलता मिली है। इसे प्रभाव विहीन करने के लिए कार्यकर्ताओं को अभी से जुट जाना होगा।

काशी क्षेत्र महामंत्री सुशील त्रिपाठी ने राजनैतिक प्रस्ताव पढ़कर सुनाया। जिसका समर्थन क्षेत्र महामंत्री संतोष पटेल ने किया व अनुमोदन क्षेत्र महामंत्री अशोक चौरसिया ने किया। प्रदेश मंत्री मीना चौबे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने पिछले दस वर्षों में महिला सशक्तिकरण के लिए अनेकों कार्य किए। आधी आबादी को शिक्षा, सुरक्षा, सम्मान और स्वावलम्बन प्रदान किया। प्रदेश मंत्री शंकर गिरि ने कहा कि 2014 से 2024 के बीच केंद्र एवं उत्तर प्रदेश में सम्पन्न हुए सभी चुनाव हमने जीते हैं। 2024 के लोकसभा चुनाव में जितनी सीटें भारतीय जनता पार्टी ने अकेले जीती उतनी सीटें पूरा इंडी गठबंधन नहीं जीत पाया। कहा प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में अन्तरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का गौरव बढ़ा है। सीमाएं सुरक्षित हुई है। अर्थ व्यवस्था मजबूत हुई है। संविधान संशोधन एवं आरक्षण समाप्त करने के विपक्ष द्वारा बार-बार फैलाएं जा रहे भ्रम को तोड़ने की आवश्यकता है।

समापन सत्र के मुख्य अतिथि प्रदेश महामंत्री भाजपा व राज्यसभा सांसद अमरपाल मौर्य ने कहा पहले सिर्फ कश्मीर की चर्चा होती थी। ज़ब से केंद्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार बनी तो कई ऐतिहासिक कदम उठाये गए। अब कश्मीर की चर्चा बंद हो गई है। विश्व भर में अब फिंगर की चर्चा होने लगी है। फिंगर एक से आठ तक पर कब्जे की बात हो रही है। एक समय यह था जब एक गोला बारूद के लिए दुनिया के सामने भीख मांगनी पड़ती थी। अब मिसाइल की दुनिया में भारत नंबर एक पर है। कांग्रेस वोट के लिए राजनीति करती है। भाजपा राष्ट्र व समाज के लिए राजनीति करती है। यह भाजपा के कार्यकर्ता हैं जो भारत के नाम पर एकजुट होकर इतिहास रच देते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में उप चुनाव होंगे। इसमें भाजपा काशी क्षेत्र की दो सीटें फूलपुर व मझवा है। यह दोनों सीट भाजपा की है। कार्यकर्ता संकल्प लें कि हर सीट पर भाजपा की जीत हो। सिर्फ उप चुनाव ही नहीं 2027 तक होने वाले निकाय, पंचायत व विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत के लिए संकल्प लें। कार्यकर्ता राष्ट्र व संस्कृति के लिए जीता है। कार्यकर्ताओ के कारण ही भारतीय राजनीति में परिवर्तन आया है। भारत के प्रति दुनिया का नजरिया ही बदल गया है। यह गौरव कार्यकर्ताओ से हासिल हुआ है। हम जिस दिशा में चल रहे थे उसी दिशा में चलने की जरूरत है। इसमें बदलाव हुआ तो राष्ट्रहित प्रभावित होगा। कांग्रेस झूठ की राजनीति कर 60 साल तक सत्ता में रही। वही आज भी कर रही है। इस झूठ का पर्दाफाश करते रहना होगा। राहुल गांधी भारतीय संस्कृति पर हमला बोल कर उसे नष्ट करना चाहते हैं। जिसे रोकने का कार्य कार्यकर्ताओं को करना होगा।

क्षेत्रीय कार्यसमिति की बैठक में क्षेत्र उपाध्यक्ष अवधेश चन्द्र गुप्ता, कमलेश कुमार, निर्मला पासवान, प्रदेश मंत्री अनामिका चौधरी, प्रदेश कोषाध्यक्ष मनीष कपूर, प्रदेश महिला मोर्चा मंत्री कविता यादव त्रिपाठी, गंगापार जिलाध्यक्ष कविता पटेल, महानगर जिलाध्यक्ष राजेंद्र मिश्र, यमुनापार जिलाध्यक्ष विनोद प्रजापति, सांसद प्रवीण पटेल, जिला प्रभारी गंगापार उत्तर मौर्य, महापौर गणेश केसरवानी, वाराणसी जिलाध्यक्ष एवं एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा, विधायक गुरू प्रसाद मौर्य, विधायक राजमणि कोल, महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय, आशीष सिंह बघेल, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी नवरतन राठी, संतोष सोलापुरकर, नागेंद्र रघुवंशी, राजेश केसरवानी एवं दिलीप कुमार चतुर्वेदी आदि रहें।

(Udaipur Kiran) / विद्याकांत मिश्र / मोहित वर्मा

Most Popular

To Top