RAJASTHAN

जनविरोधी नीतियों के खिलाफ कांग्रेस का अजमेर में प्रदर्शन

जनविरोधी नीतियों के खिलाफ कांग्रेस का अजमेर में प्रदर्शन

अजमेर, 2 अगस्त (Udaipur Kiran) । अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने राजस्थान सरकार और केंद्र सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों के खिलाफ अजमेर कलेक्ट्रेट पर शुक्रवार को प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं की पुलिस से धक्का-मुक्की भी हुई। इसके बाद विभिन्न समस्याओं को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन दिया गया।

प्रदर्शन के दौरान पूर्व आरटीडीसी अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़, पूर्व विधायक राजकुमार जयपाल, निवर्तमान जिला अध्यक्ष विजय जैन सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। जिला अध्यक्ष विजय जैन ने बताया कि शुक्रवार को बिजली कटौती, फ्यूल सरचार्ज व फिक्स चार्ज में बढ़ोतरी, पेयजल की समस्या और बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया गया।

प्रदर्शन कर राजस्थान सरकार की जन विरोधी नीतियों के विरोध में ज्ञापन दिया है। जैन ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी सत्ता में आने के बाद प्रदेश की आम जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने में विफल रही है। राज्य में भीषण गर्मी के बावजूद सरकार द्वारा बिजली की आपूर्ति बाधित की जा रही है। इसके साथ ही राजस्थान की भाजपा सरकार ने बिजली के बिलों में फ्यूल सरचार्ज के बाद फिक्स चार्ज की दर को बढ़ाकर आम जनता पर आर्थिक बोझ डालने का जन विरोधी निर्णय लिया है।

प्रदेश में अनेक क्षेत्रों में पेयजल संकट के बावजूद पानी की आपूर्ति करने में सरकार असफल रही है। प्रदेश में कानून व्यवस्था पूर्णता चौपट हो गई है। महिलाओं के साथ दुष्कर्म, हत्या, लूट, अपहरण, चेन स्नेचिंग जैसी गंभीर अपराध प्रदेश के को शर्मसार कर रहे हैं। इन सभी समस्याओं को लेकर कलेक्टर भारती दीक्षित को ज्ञापन दिया गया है।

इससे पहले सभी कांग्रेसी सामूहिक रूप से झण्डे व बैनर लेकर पैदल मार्च करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं में अनेक महिलाएं भी शामिल थी। कलेक्ट्रेट पहुंचते ही दरवाजे पर पुलिस के अधिकारियों ने उन्हें घेर लिया और प्रतिनिधिमण्डल को ज्ञापन के साथ जिला कलक्टर के पास जाने के लिए कहा किन्तु कांग्रेस जन प्रदर्शन करने के इच्छुक दिखे।

(Udaipur Kiran) / संतोष / संदीप

Most Popular

To Top