Maharashtra

कुर्ला मदर डेयरी को लेकर कांग्रेसियों का मोर्चा

मुंबई, 8 जून (Udaipur Kiran) । कुर्ला मदर डेयरी की जमीन अडानी को देने के मामले को लेकर कांग्रेस पार्टी ने रविवार को विरोध प्रदर्शन किया। कुर्ला में पार्टी सांसद व मुंबई की अध्यक्ष वर्षा गायकवाड के नेतृत्व में निकाले गए मोर्चे में बड़ी संख्या में पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। वर्षा ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के आशीर्वाद से अडानी पूरी मुंबई को निगलना चाहते हैं।

वर्षा ने कहा कि कुर्ला मदर डेयरी की जगह पर हजारों बड़े पेड़ हैं जो सैकड़ों साल पुराने हैं. स्थानीय लोग की मांग है कि इस जगह पर वनस्पति उद्यान बनाया जाए। इस जमीन का बाजार मूल्य सैकड़ों करोड़ रुपये है, लेकिन यह जमीन अडानी के लाभ के लिए मामूली दर पर हस्तांतरित की गई है। मुंबई में अडानी की महालूट चल रही है. भाजपा सरकार ने स्थानीय लोगों के विरोध को नजरअंदाज कर मदर डेयरी की जमीन अडानी को दे दी है। लाखों धारावीकरों को उजाड़कर धारावी में 600 एकड़ जमीन पर कब्जा करने की साजिश रची गई। फिर इस परियोजना की आड़ में कुर्ला मदर डेयरी, मीठागर भूमि, देवनार, मध-अक्सा में मुंबईकरों की 541 एकड़ जमीन अडानी ने मुफ्त में हासिल कर ली। लोगों को विश्वास में लिए बिना एयर इंडिया कॉलोनी, बांद्रा रिक्लेमेशन, बेहरामपाड़ा, मोतीलाल नगर में सरकारी जमीन हड़पने की साजिश रची गई है।

उन्होंने कहा कि हम शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन कर रहे थे, तब एक बार फिर मोदी सरकार ने लोगों की आवाज दबाने के लिए भारी पुलिस बल भेजा. पुलिस के बल पर हमारा शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन रोक दिया गया। मोदानी एंड कंपनी लोगों के अधिकार छीन रही है। मुंबईकरों की जमीनें हड़पी जा रही हैं। अन्याय हो रहा है और सरकार चोरों को सुरक्षा दे रही है। लोगों की आवाज दबाई जा रही है। लेकिन हम इस जुल्म से नहीं डरेंगे. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने ठोस तथ्यों के साथ सवाल पूछे हैं। मतदान के आखिरी कुछ घंटों में मतदाता प्रतिशत इतना कैसे बढ़ गया? इसका जवाब चुनाव आयोग अभी तक नहीं दे पाया है।

—————

(Udaipur Kiran) / वी कुमार

Most Popular

To Top