Uttrakhand

कांग्रेस की यात्रा गुट विशेष की दौड़: जोत सिंह विष्ट

भाजपा

देहरादून, 26 जुलाई (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता जोत सिंह विष्ट ने कांग्रेस की केदारनाथ यात्रा को औचित्यहीन बताते हुए गुट विशेष की दौड़ ठहराया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा अपनी अध्यक्ष की कुर्सी बचाने के लिए यात्रा में हैं और विरोधी उनको हटाने के लिए यात्रा से दूरी बनाए हैं।

भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य और मीडिया पैनलिस्ट जोत सिंह विष्ट ने जारी एक बयान में कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस की गुटबाजी जगजाहिर है, लेकिन अफसोस तब होता है जब वे अपनी कुर्सी की लड़ाई के लिए भगवान के नाम का उपयोग करते हैं। कांग्रेस की यह यात्रा एक गुट विशेष की यात्रा बनकर रह गई है। सबने देखा है कि इस यात्रा में पहले दिन कांग्रेस के कई बड़े चेहरों जैसे प्रीतम सिंह, काजी निजामुद्दीन, विक्रम सिंह नेगी, सुरेंद्र सिंह नेगी जैसे नेताओं ने शामिल होने से परहेज किया है। कल तक अपना पोस्टर ब्यॉय बताने वाले गणेश गोदियाल भी यात्रा रूट पर नदारद हैं। वहीं गढ़वाल मंडल के कांग्रेस के बड़े नेता इस यात्रा में कहीं दिखाई नहीं दे रहे है। इससे साफ दिखाई दे रहा है कि यात्रा पर एक गुट विशेष का कब्जा है।

उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी हथियाने की लड़ाई चरम पर है, जिसमें माहरा अकेले पड़ गए हैं। यही वजह है कि वे और उनके राजनैतिक गुरु कांग्रेस पर अपना कब्जा बरकरार रखने के लिए केदारनाथ यात्रा पर निकले हैं। हकीकत यह है कि ये यात्रा केदारनाथ बचाने के लिए नहीं बल्कि अपने गुट को मजबूत दिखाकर दिल्ली से अपनी कुर्सी बचाने की यात्रा है।

उन्होंने कहा कि जिन मुद्दों को लेकर कारण महारा यात्रा निकाल रहे हैं उसका समाधान मुख्यमंत्री धामी कर चुके हैं। लिहाजा उसके बाद ऐसी बिना मकसद की यात्रा का कोई औचित्य नहीं रह जाता है।

(Udaipur Kiran) / राजेश कुमार / वीरेन्द्र सिंह

Most Popular

To Top