Madhya Pradesh

देवास: पानी की समस्या को लेकर कांग्रेस ने किया नगर निगम का घेराव, मटके फाेडकर जताया विराेध

कांग्रेस ने किया नगर निगम का घेराव

देवास, 11 अप्रैल (Udaipur Kiran) । भीषण गर्मी के साथ प्रदेश में पानी की समस्या विकराल रूप धारण कर चुकी है। देवास भी पानी का संकट लाेगाें के सामने खड़ा हाे गया है। ऐसे में पानी की समस्या को लेकर कांग्रेस कमेटी ने शुक्रवार को नगर निगम का घेराव किया। कार्यकर्ता सयाजी द्वार से मटके लेकर रैली के रूप में निगम पहुंचे। उन्होंने परिसर में खाली मटके फोड़कर विरोध जताया।

दरअसल, शहर में पिछले सप्ताह से कई वार्डों में पीने के पानी की गंभीर समस्या बनी हुई है। इससे पहले कांग्रेस पार्षदों ने भी प्रदर्शन किया था। शुक्रवार काे कांग्रेस कमेटी ने विराेध प्रदर्शन किया। शहर कांग्रेस अध्यक्ष मनोज राजानी ने कहा कि नगर निगम और प्रशासन पर्याप्त पानी देने में विफल रहे हैं। उन्होंने कहा कि निगम पूरा जलकर वसूल रहा है, लेकिन 15 दिनों से पानी नहीं दे रहा। राजानी ने चेतावनी दी कि अगर 5-7 दिन में समस्या नहीं सुलझी तो भाजपा पार्षदों का उनके वार्डों में पुतला जलाया जाएगा। प्रदर्शन को देखते हुए निगम परिसर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। कार्यकर्ताओं को कार्यालय में प्रवेश से रोका गया। कांग्रेस ने उपायुक्त को ज्ञापन देकर जल्द समस्या के समाधान की मांग की।

इधर महापौर गीता दुर्गेश अग्रवाल का कहना है कि हमने पानी की जो पिछले दिनों समस्या थी उसे काफी हद तक सुधार लिया है। सभी वार्डो में एक दिन छोड़कर पानी सप्लाई हो रहा। जहां नल नहीं है वहां पानी के टैंकर के माध्यम से जल लोगो तक पहुंचाया जा रहा है।

—————

(Udaipur Kiran) / नेहा पांडे

Most Popular

To Top