HEADLINES

कांग्रेस ने अपने लोकसभा सदस्यों के लिए जारी किया व्हिप

कांग्रेस पार्टी (प्रतीकात्मक फोटो)

नई दिल्ली, 20 मार्च (Udaipur Kiran) । कांग्रेस ने आज अपने लोकसभा के सांसदों को तीन लाइन का व्हिप जारी कर कहा कि वे लोकसभा में शुक्रवार को सुबह 11 बजे से सदन में उपस्थित रहें। लोकसभा में कल बजट पारित होगा।

पार्टी द्वारा जारी व्हिप में कहा गया है कि कल यानि शुक्रवार (21 मार्च, 2025) को लोकसभा में बहुत महत्वपूर्ण मुद्दा उठाया जाएगा। इसमें यह भी कहा गया है कि लोकसभा में कांग्रेस पार्टी के सभी सदस्यों से अनुरोध है कि वे 21 मार्च, 2025 को सुबह 11:00 बजे से सदन के स्थगन तक उपस्थित रहें और पार्टी के रुख का समर्थन करें।

उधर, भारतीय जनता पार्टी ने शुक्रवार (21 मार्च) के लिए अपने लोकसभा सदस्यों को तीन लाइन का व्हिप पहले ही जारी कर चुकी है। पार्टी ने अपने सदस्यों से बजट पारित होने के लिए सदन में उपस्थित रहने को कहा है।

लोकसभा कल गिलोटिन का प्रयोग करेगी। गिलोटिन लागू करने का स्पीकर को विशेषाधिकार होता है। संसदीय परंपरा में गिलोटिन भी हर समय लागू नहीं किया जाता है, बल्कि महत्वपूर्ण मौकों पर ही इसे लागू किया जाता है। विधायी भाषा में गिलोटिन का मतलब है वित्तीय कामकाज को एक साथ लाना और तेजी से विधेयक पारित करना। बजट सत्र के दौरान लोकसभा में यह एक आम प्रक्रियात्मक अभ्यास है। एक बार गिलोटिन लागू हो जाने के बाद अनुदान की शेष मांगों पर बिना किसी चर्चा के मतदान कर दिया जाता है। इससे यह सुनिश्चित होता है कि बजट निर्धारित समय के भीतर पारित हो जाए और सरकार बिना किसी देरी के अपना कार्य जारी रख सके।

—————

(Udaipur Kiran) / दधिबल यादव

Most Popular

To Top