Uttrakhand

भाजपा सरकार के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, पुतला फूंककर जताया विरोध

बिगड़ती कानून व्यवस्था और बढ़ता भ्रष्टाचार बना भाजपा का चेहरा - सुमित हृदयेश

हल्द्वानी, 8 सितंबर (Udaipur Kiran) । जिला-महानगर कांग्रेस ने हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश के नेतृत्व में प्रदेश की भाजपा सरकार का पुतला फूंककर अपना विरोध जताया। कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर कानून व्यवस्था की स्थिति खराब होने और नैतिकता के पतन का आरोप लगाया है।

विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था और बढ़ता भ्रष्टाचार ही भाजपा का असली चेहरा है। भाजपा हमेशा अपने नेताओं की ईमानदारी और कानून के प्रति सम्मान की बातें करती रही है, लेकिन इन हालिया घटनाओं ने पार्टी की पोल खोल दी है। भाजपा के रानीखेत विधायक के भाई का अवैध हथियारों के साथ पकड़ा जाना इस बात का प्रमाण है कि भाजपा से जुड़े लोग खुद को कानून से ऊपर समझ रहे हैं तथा कबीना मंत्री गणेश जोशी के खिलाफ जांच के आदेश से यह सिद्ध होता है कि भाजपा के शीर्ष नेताओं पर भी भ्रष्टाचार और आपराधिक गतिविधियों के गंभीर आरोप हैं।

महानगर अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा कि बीते कुछ महीनों में अपराध दर में बेतहाशा वृद्धि हुई है, जिससे जनता के जीवन पर गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है। अपराधियों को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है, जिसके कारण पुलिस और प्रशासन अपराध रोकने में असमर्थ साबित हो रहे हैं वहीं भ्रष्टाचार प्रदेश में इस हद तक फैल चुका है कि सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ जनता तक पहुंचना कठिन हो गया है।

जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार के शासन के दौरान कानून व्यवस्था लगातार बिगड़ती जा रही है और भ्रष्टाचार अपने चरम पर पहुंच चुका है। हालिया घटनाओं ने यह स्पष्ट कर दिया है कि भाजपा शासन में अपराधियों और भ्रष्टाचारियों को खुली छूट दी जा रही है, जबकि आम जनता असुरक्षित और हताश महसूस कर रही है।

(Udaipur Kiran) / अनुपम गुप्ता

Most Popular

To Top