HimachalPradesh

जयराम से अब सकारात्मक नेता प्रतिपक्ष की भूमिका निभाने जगी उम्मीद : कांग्रेस

Narsh

शिमला, 17 जुलाई (Udaipur Kiran) । कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं उपाध्यक्ष नरेश चौहान ने कहा है कि जागरूक जनता ने भाजपा को स्पष्ट संदेश दिया है कि लोकतांत्रिक तरीके से चुनी कांग्रेस सरकार को गिराने का षड्यंत्र किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने दिया जाएगा। साथ ही उन्होंने उपचुनाव में हार के बाद जयराम ठाकुर से विपक्ष की सकारात्मक भूमिका निभाने की अपेक्षा की है।

कांग्रेस नेता चौहान ने बुधवार को शिमला में कहा कि प्रदेश की जनता ने मतदान कर षड्यंत्रकारियों को कड़ा संदेश दिया है कि इस तरह की राजनीति देश एवं प्रदेश में स्वीकार्य नहीं होगी। लोकतंत्र में जनमत का हमेशा सम्मान करना पड़ेगा। चौहान ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर का आभार जताते हुए कहा कि चुनाव नतीजे आने के बाद उन्होंने सरकार गिरने की अगली डेट नहीं दी। उम्मीद करते हैं कि उपचुनाव में मिली हार से सबक लेंगे और विपक्ष की सकारात्मक भूमिका निभाएंगे।

नरेश चौहान ने कहा कि उपचुनाव के बाद हिमाचल में कांग्रेस विधायकों की संख्या 40 हो गई है। जनता ने भाजपा की राजनीति को पसंद नही किया है, ऐसे में भाजपा के सरकार गिराने के सपने चकनाचूर हो गए हैं। चौहान ने कहा कि भाजपा ने बहुमत की सरकार को गिराने का प्रयास किया लेकिन फैसला जनता की अदालत में गया जिसके बाद जनता ने कांग्रेस के पक्ष में फैसला सुनाया है और एक बार फिर मजबूत सरकार का जनादेश दिया। प्रदेश की जनता ने 2022 में कांग्रेस के चालीस विधायकों को चुनकर भेजा और फिर ये आंकड़ा 40 हो गया है।

कांग्रेस नेता नरेश चाैहान ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा में नेतृत्व की लड़ाई शुरू हो गई है। भाजपा विधायक सुधीर शर्मा जीत से अतिउत्साहित हैं और प्रदेश के भाजपा नेताओं को किनारे कर दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं। इस पर नेता विपक्ष जयराम ठाकुर और राजीव बिंदल को समय रहते सोचना चाहिए।

(Udaipur Kiran)

(Udaipur Kiran) शुक्ला कुमार सक्सैना

Most Popular

To Top