HEADLINES

कांग्रेस भू-दान से भू-हड़प तक पहुंची, पूरा नेतृत्व भ्रष्टाचार में लिप्त – भाजपा

Sudhansu Trivedi

नई दिल्ली, 14 अक्टूबर (Udaipur Kiran) ।

भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पर जमीन आवंटन से जुड़े मामलों को लेकर निशाना साधा है। हाल ही में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बेटे प्रियांक खरगे के ऐसे ही एक मामले में जमीन वापस किए जाने को लेकर भाजपा ने आज मुद्दा बनाया है। पार्टी का कहना है कि नैतिकता के आधार पर खरगे को इस्तीफा दे देना चाहिए।

भाजपा मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में सांसद एवं पार्टी प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि अलग-अलग मामलों में कांग्रेस के मुख्यमंत्रियों, उपमुख्यमंत्रियों, अध्यक्ष और यहां तक कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी तक का नाम आ रहा है। इन सभी मामलों में एक चीज समान है और वह है गरीब की जमीन हड़पना। यह वही कांग्रेस है जो अपने आपको महात्मा गांधी से जोड़ती है जिनके नेता विनोबा भावे ने भूदान आंदोलन चलाया था। अब कांग्रेस भू-दान से भू-हड़प तक पहुंच गई है।

सुधांशु त्रिवेदी ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि मोहब्बत की दुकान चलाते हुए वे गैर-कानून संपत्ति की दुकान चला रहे हैं। कहीं भी कांग्रेस की सरकार हो उसके नेताओं का नाम जमीन से जुड़े भ्रष्टाचार से जुड़ ही जाता है। कनार्टक में मुख्यमंत्री का नाम आया तो उन्होंने जमीन लौटा दी और अब कांग्रेस अध्यक्ष के बेटे का नाम सामने आया तो उन्होंने जमीन लौटा दी। लेकिन जमीन लौटाने भर से काम नहीं चलेगा, इस्तीफा भी देना होगा। सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि कोई चोर पकड़ा जाए और वह चोरी का सामान लौटा दे तो क्या उस पर से चोरी का आरोप हट जाएगा, उसे कोई सजा नहीं होगी।

उल्लेखनीय है कि मल्लिकार्जुन खड़गे के बेटे प्रियांक खरगे ने कर्नाटक औद्योगिक क्षेत्र विकास बोर्ड की 5 एकड़ जमीन लौटा दी है। इससे पहले एक अन्य मामले में भी कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया की पत्नी ने जमीन वापिस लौटाई थी।

—————

(Udaipur Kiran) / अनूप शर्मा

Most Popular

To Top