
-विधानसभा चुनाव में सीमा पाहुजा ने छोड़ी थी भाजपा
-भाजपा से बागी होकर चुनाव लड़े नवीन गोयल को दिया था समर्थन
गुरुग्राम, 15 फरवरी (Udaipur Kiran) । नगर निगम गुरुग्राम व मानेसर के चुनाव में मेयर पद के लिए शनिवार को कांग्रेस ने सूची जारी कर दी। गुरुग्राम से पूर्व पार्षद सीमा पाहुजा और मानेसर से नीरज यादव को मेयर की टिकट देकर चुनाव मैदान में उतारा है। वे दो बार पार्षद रह चुकी हैं।
मेयर की टिकट दिए जाने के बाद दोनों प्रत्याशियों को जिला प्रभारी करण दलाल, सहप्रभारी अशोक बुवानीवाला, पूर्व मंत्री सुखबीर कटारिया, गुडग़ांव शहरी कॉर्डिनेटर पकंज डावर, ग्रामीण कॉर्डिनेटर विरेंद्र यादव, विधानसभा चुनाव में गुडग़ांव से प्रत्याशी रहे मोहित ग्रोवर व बादशाहपुर से प्रत्याशी रहे वर्धन यादव ने शुभकामनाएं दीं। भाजपा की जिला उपाध्यक्ष रहीं सीमा पाहुजा ने बीते विधानसभा चुनाव में भाजपा को अलविदा कहा था। उन्होंने विधानसभा चुनाव में गुडग़ांव विधानसभा से टिकट मांगा था, जो नहीं दिया गया। भाजपा छोडऩे के लिए जिला अध्यक्ष को संबोधित पत्र में उन्होंने लिखा था कि वह तत्काल प्रभाव से भाजपा के सभी पदों से इस्तीफा दे रही हैं। उन्होंने इस्तीफे का कारण अपनी पारिवारिक स्थिति बताई। साथ ही साफ तौर पर लिखा कि उनके पति पवन पाहुजा के दोस्त नवीन गोयल निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं। नवीन गोयल से उनके पारिवारिक संबंध हैं। इसी के चलते अब वह अपने पति के साथ उनके प्रचार में शामिल होंगी। भाजपा छोड़ते ही उन्होंने भाजपा से बागी होकर निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लडऩे वाले नवीन गोयल को समर्थन दिया था। सीमा पाहुजा की पंजाबियों में अच्छी पकड़ मानी जाती है। सीमा पाहुजा 2017 में नगर निगम गुरुग्राम का निर्दलीय चुनाव लडक़र पार्षद बनीं थी। उन्होंने भाजपा के प्रत्याशी मनोज भारद्वाज को हराया था। हालांकि पार्षद बनने के बाद सीमा पाहुजा ने भाजपा को समर्थन दे दिया। भाजपा की महिला टीम में वे पदाधिकारी रहीं।
(Udaipur Kiran)
