HEADLINES

सामाजिक समीकरणों पर बिना विचार किए बांटे टिकट, इसलिए हरियाणा में हारी कांग्रेसः उदित राज

OIP (6).jpg

नई दिल्ली, 11 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । कांग्रेस नेता एवं पूर्व सांसद उदित राज ने हरियाणा विधानसभा चुनाव में पार्टी की हार का ठीकरा अपने नेताओं पर ही फोड़ा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में सामाजिक समीकरणों पर विचार किए बिना अपने लोगों को टिकट बांटे गए, इसलिए पार्टी चुनाव हार गयी। उदित राज का इशारा हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की ओर था जिन पर विधानसभा की 90 में से 72 सीटों पर मनपसंद लोगों को टिकट देने का आरोप लगता रहा है।

उदित राज ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि हरियाणा में लोग भाजपा से नाराज थे, कांग्रेस दो तिहाई बहुमत हासिल कर सकती थी फिर भी कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा। इसके एक नहीं कई कारण हैं। अपने-अपने लोगों को टिकट दिए गए। यहां तक की सीटिंग विधायकों को दोबारा टिकट दिया गया। पग-पग पर संगठन का भी अभाव दिखा। संगठन में बदलाव की जरूरत थी जो नहीं हो रहा है। पार्टी के बडे़ नेताओं ने आम कार्यकर्ताओं के फोन तक नहीं उठाए।

कांग्रेस नेता उदित राज ने कहा कि कांग्रेस में संगठन का अभाव है और समय रहते बदलाव की जरूरत भी है। उन्होंने कहा कि अभी राहुल गांधी अकेले लड़ रहे हैं, संगठन होता तो सभी लड़ते।

—————

(Udaipur Kiran) / बिरंचि सिंह

Most Popular

To Top