RAJASTHAN

भारत में आर्थिक अस्थिरता लाने का प्रयास कर रहे हैं कांग्रेसी नेताः मदन राठौड़

कांग्रेस का हाथ हिन्दुओं और भारत के विरूद्ध करता है कामःमदन राठौड़

जयपुर, 22 अगस्त (Udaipur Kiran) । भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के सोशल मीडिया पर जारी बयान का पलटवार करते हुए कहा कि दूसरों पर उंगली उठाने वाले डोटासरा को पहले अपने गिरेबान में झांककर देखना चाहिए। प्रदेश की पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार हो या फिर 2004 से 2014 तक की मनमोहन सरकार के एक के बाद एक घोटाले और भ्रष्टाचार जनता के सामने उजागर हुए थे। डोटासरा भूल गए कि राजस्थान की पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के मंत्रियों से लेकर विधायकों पर भ्रष्टाचार और घोटालों में मिलीभगत के आरोप लग चुके है, इतना ही नहीं, इनके नेता ही कांग्रेस सरकार पर सवाल उठा चुके है। ऐसे में कांग्रेसी नेता केंद्र सरकार के खिलाफ झूठ और अनर्गल बयानबाजी कर जनता को गुमराह करने का काम कर रहे है और झूठा भ्रम फैला रहे है।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि मनमोहन सिंह के 10 साल के कार्यकाल में टू जी स्कैम, कोल स्कैम, आदर्श स्कैम सहित कई महाघोटाले हुए लेकिन कांग्रेसी उन पर कभी नहीं बोले। आज जब भारत विश्व की पांचवीं अर्थ व्यवस्था बनकर उभर चुका है तो ये कांग्रेसी नेता भारत में आर्थिक अस्थिरता लाना चाहते है। कांग्रेसी नेता चाहते है कि जेपीसी जांच हो और अफवाहें फैलाई जाए। इससे देश की अर्थव्यवस्था कमजोर हो और निवेशकों को नुकसान हो। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से नफरत करने वाले ये कांग्रेसी नेता विदेशी ताकतों की मदद से देश की अर्थव्यवस्था को कमजोर करने का प्रयास कर रहे है। शेयर मार्केट में अफवाह फैलाकर निवेशकों में डर फैलाने का कार्य किया जा रहा है लेकिन देश-प्रदेश की जनता अब कांग्रेसियों के बहकावे में आने वाली नहीं है।

भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि भाजपा की रीति और नीति से प्रभावित आमजन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीसरी बार विश्वास जताया है। पीएम मोदी जहां विकसित भारत 2047 के सपने को लेकर जन कल्याणकारी नीतियों को तैयार कर रहे है, वहीं प्रदेश की डबल इंजन सरकार केंद्र के मार्गदर्शन में बेहतर कार्य कर रही है। इन सब से परेशान कांग्रेसी नेताओं ने जनता के बीच भ्रम और झूठा प्रचार करना शुरू कर दिया है। प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शपथ लेने के साथ ही पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के काले कारनामों को उजागर करना शुरू कर दिया है फिर चाहे वो पेपरलीक माफियाओं को सलाखों के पीछे डालने का कार्य हो या फिर एंटी गैंगस्टर फोर्स का गठन कर अपराध पर लगाम लगाने का कार्य। सीएम भजनलाल शर्मा ने एक ओर भाजपा के संकल्प पत्र में जनता से किए 50 फीसदी वादों को पूरा करने का कार्य किया तो दूसरी ओर पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के घोटालों की जांच शुरू कर दी, जल्द ही घोटालों में शामिल बड़े लोगों को सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा।

भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि डोटासरा और गहलोत ने मिलकर 5 साल तक प्रदेश को गर्त में डालने का कार्य किया। ईआरसीपी और यमुना जल जैसे जनता से जुड़े मुद्दों पर राजनीति की और दशकों तक इन्हें लटकाने और अटकाने का कार्य किया। वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा है जिन्होंने सत्ता में आने के बाद इन दोनों ही मुद्दों पर कार्य शुरू किया। इससे कांग्रेस और भाजपा की नियत भी साफ होती है। भाजपा अंत्योदय की नीति पर कार्य करती है। भाजपा वो पार्टी है जहां कार्यकर्ता को आत्मीयता के साथ सम्मान दिया जाता है। भाजपा में आम कार्यकर्ता को मुख्यमंत्री तक की सेवा का मौका दिया जाता है जबकि कांग्रेस में केवल एक परिवार को खुश करने के लिए कार्य किया जाता है। कांग्रेसी नेताओं की राजनीति सिर्फ एक परिवार के ईद गिर्द घुम रही है। इनके नेताओं को गरीब, दलित, शोषित के विकास और महिलाओं की सुरक्षा जैसे मुद्दों से कोई लेना देना नहीं है। कांग्रेसी नेताओं द्वारा बंगाल के रेप और मर्डर जैसे घिनौने कृत्य पर एकजुट होना चाहिए था, लेकिन संपूर्ण इंडी गठबंधन महिला सुरक्षा पर बोलने की बजाय धरना-प्रदर्शन कर देश की जनता को गुमराह करने का कार्य कर रहे है।

—————

(Udaipur Kiran)

Most Popular

To Top