Madhya Pradesh

सत्ता से बाहर होने के कारण बिन पानी मछली की तरह तड़प रहे हैं कांग्रेस नेताः विष्णुदत्त शर्मा

सत्ता से बाहर होने के कारण बिन पानी मछली की तरह तड़प रहे हैं कांग्रेस नेताः विष्णुदत्त शर्मा

भोपाल, 8 सितंबर (Udaipur Kiran) । भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने रविवार को संगठन पर्व संबंधित पार्टी के प्रदेश कार्यालय में भोपाल जिले की पार्षद बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी सत्ता के लिए नहीं जनता की सेवा के लिए कार्य कर रही है। कांग्रेस और दिग्विजय सिंह जैसे नेताओं की खीझ का सबसे बड़ा कारण यही है कि भाजपा और उसके नेता जनता की सेवा क्यों कर रहे हैं। दिग्विजय इसलिए भी खीझ रहे हैं कि पंच, सरपंच, जनपद, जिला पंचायत से लेकर नगर निगमों, प्रदेश और देश में भाजपा की सरकार है। सत्ता से बाहर होने के कारण कांग्रेस के नेता बिना पानी मछली की तरह तड़प रहे हैं।

कांग्रेस नेता समाज का भला नहीं कर सकते

उन्होंने कहा कि तुष्टिकरण की राजनीति करने वाले कांग्रेस नेता समाज का भला नहीं कर सकते, वे सिर्फ स्वार्थ की राजनीति करते हैं। भाजपा सत्ता नहीं जनता की सेवा के लिए कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश की भाजपा सरकार गरीब कल्याण के कार्यों को इसी तरह से करती रहें, इसके लिए भाजपा संगठन को और मजबूत करना होगा। भाजपा संगठन पर्व के तहत विधानसभा, लोकसभा और नगर निगम के चुनाव में भाजपा को वोट देने वाले लोगों को पार्टी का सदस्य बनाएं। भाजपा का संगठन जितना मजबूत होगा, देश उतना ही मजबूत होगा। भाजपा कार्यकर्ताओं को संगठन मजबूत करने के लिए यह अवसर मिला है। संगठन पर्व को भाजपा कार्यकर्ता अवसर के रूप में लें और जो व्यक्ति भाजपा का मतदाता हैं, उसे सदस्य बनाकर संगठन को मजबूत करें।

सदस्यता की वजह से कई राज्यों में प्रचंड बहुमत की सरकारें बनीं

शर्मा ने कहा कि भाजपा लोगों का जीवन बदलने का कार्य कर रही है। विपक्षी चुनाव जीतने के लिए कुछ भी कर सकते हैं, कोई भी हथकंडा अपना सकते हैं, लेकिन भाजपा कार्यकर्ता ऐसा कुछ नहीं कर सकता। इसलिए भाजपा कार्यकर्ता संगठन पर्व के जरिए सभी वर्गों के लोगों को अपनी पार्टी से जोड़ें और संगठन को मजबूती प्रदान करें। अधिक से अधिक लोगों को सदस्य बनाकर संगठन की ताकत बढ़ाने का कार्य करें। चुनावों में जिस बूथ पर पार्टी का प्रदर्शन कमजोर रहा, वहां अधिक से अधिक सदस्य बनाएं। नए लोगों को पार्टी का सदस्य बनाकर संगठन को मजबूत कर कई राज्यों में भाजपा प्रचंड बहुमत से सरकारें चला रही है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा गरीबों के कल्याण के लिए कार्य कर रही है। भाजपा ‘‘सबका साथ, सबका विश्वास, सबका प्रयास और सबका विश्वास’’ के मूल मंत्र पर कार्य कर रही है। भाजपा सरकार द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी योजनओं में किसी वर्ग के साथ कोई भेदभाव नहीं करती है। कांग्रेस पार्टी तुष्टिकरण की राजनीति करती है, इसलिए यह जनता को भ्रमित करने का कार्य करती है। पार्षद अपने वार्ड में पार्टी का चेहरा होता है। सभी पार्षद और पार्षद प्रत्याशी देश को ताकत देने के लिए सभी भाजपा मतदाताओं को सदस्य बनाएं और ऐसे लोगों को भी सदस्य बनाएं जो भाजपा के मतदाता नहीं हैं। भाजपा कार्यकर्ता भोपाल में चुनावों में रिकार्ड बनाते रहे हैं, अब संगठन पर्व में भी प्रदेश में सबसे अधिक सदस्य बनाकर रिकार्ड बनाने का कार्य करें।

संगठन पर्व बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूती प्रदान करने के लिए है

बैठक में पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने कहा कि भाजपा के लिए देश हित सर्वापरि है। भाजपा के लिए राष्ट्र प्रथम है। कश्मीर में अनुच्छेद-370 के विरोध में डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी ने नेहरू मंत्रिमंडल से इस्तीफा देकर जनसंघ की नींव रखी। उन्होंने अनुच्छेद 370 हटाये जाने के लिए अपने प्राणों का बलिदान दे दिया। प्रधानमंत्री मोदी की पूर्ण बहुमत वाली सरकार ने 370 हटा दी। आज कश्मीर में बिना आतंक के चुनाव हो रहे हैं, यह भाजपा कार्यकर्ताओं की ताकत से ही संभव हुआ है।

भाजपा की ताकत हैं बूथ, संगठन पर्व कमजोर बूथों को मजबूत करने का अवसर

उन्होंने कहा कि स्व. अटलजी ने कहा था कि भाजपा कोई दल नहीं है, एक विचार है, एक आंदोलन है। हमारा ध्येय राष्ट्र का निर्माण और जनकल्याण है। हम भारतमाता के गौरव को परम वैभव पर पहुंचाने के लिए काम करते हैं। हम एकात्म मानववाद के लिए संकल्पित और पंच-निष्ठाओं के प्रति समर्पित हैं। लोकसभा चुनाव में हमें 2 करोड़ 24 लाख वोट मिले थे। मध्यप्रदेश में वर्तमान में 41 लाख से अधिक रजिस्टर्ड कार्यकर्ता हैं और पार्टी ने प्रदेश में डेढ़ करोड़ सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा है। ऐसे में मध्यप्रदेश का हर रजिस्टर्ड कार्यकर्ताओं को नए सदस्य बनाकर लक्ष्य को हासिल करना है। विधानसभा एव लोकसभा चुनाव में प्रदेश के जिन बूथों पर हमारा प्रदर्शन कमजोर रहा है, संगठन पर्व इस कमजोरी को मजबूती में बदलने का एक अवसर है।

हितानंद शर्मा ने कहा कि मध्यप्रदेश के पार्टी संगठन की पहचान कार्यकर्ताओं को गढ़ने की रही है। हमें सदस्यता अभियान में अपनी इस पहचान को बनाए रखना है। हमने प्रदेश में बूथ विस्तरक योजना बनाकर बूथ को शसक्त बनाया है। आज बूथ हमारी ताकत हैं। इसलिए हमें हर समाज और वर्ग के जो लोग भाजपा से जुड़ना चाहते हैं, उन तक पहुंचकर उन्हें पार्टी से जोड़ना है। समाज के प्रतिष्ठित एवं प्रभावी लोगों के साथ सामाजिक, धार्मिक कार्यों से जुड़े लोग और केन्द्र और मध्यप्रदेश सरकार के लाभार्थी योजनाओं के हितग्राहियों को पार्टी का सदस्य बनाकर हमारे विचारधारा से जोड़ने का कार्य करना है। मध्यप्रदेश सदस्यता अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अन्य राज्यों के लिए मॉडल बनेगा। मध्यप्रदेश में 1.5 करोड़ नए सदस्य बनाने का संकल्प लेकर कार्यकर्ता मैदान में उतरें और लक्ष्य प्राप्त कर इतिहास बनाएं। हारे हुए बूथों, शक्ति केंद्रों और विधानसभाओं में सदस्यता अभियान को लेकर रचना वनाकर कार्य करने का आग्रह किया।

(Udaipur Kiran) तोमर

Most Popular

To Top