
जयपुर के रामलीला मैदान में गूंजा लोकतंत्र बचाओ का नारा, कांग्रेस ने सरकार पर जमकर साधा निशाना
जयपुर, 28 अप्रैल (Udaipur Kiran) । कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगेे ने पहलगाम में आतंकी हमले पर कहा कि देश सबसे पहले है, उसके बाद संगठन और पार्टी। कांग्रेस ने देश की आजादी के लिए संघर्ष किया और कुर्बानियां भी दीं।
संविधान ने इस देश में चाय बेचने वाले को प्रधानमंत्री और एक दलित के बेटे को पार्टी अध्यक्ष बनने का अवसर दिया है। अगर संविधान बचा रहा तो ही लोकतंत्र बचेगा। वह जयपुर के रामलीला मैदान में सोमवार को कांग्रेस पार्टी की ‘लोकतंत्र बचाओ रैली’ को संबोधित कर रहे थे।
रैली की शुरुआत पहलगाम में हुए आतंकी हमले में शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इस दौरान शहीदों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन भी रखा गया।
राष्ट्रीय संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की अगुआई में आयोजित रैली में कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पहलगाम में हुए आतंकी हमले में शहीदों को नमन करता हूं। कश्मीर हमारा अभिन्न अंग है और देशभर के लोग वहां घूमने जाते हैं।
हाल ही में बुलाई गई सर्वदलीय बैठक में सभी दलों के नेता शामिल हुए, लेकिन स्वयं प्रधानमंत्री नहीं आए। प्रधानमंत्री बिहार में चुनावी भाषण देने चले जाते हैं, जबकि राहुल गांधी अमेरिकी दौरे को रद्द कर जम्मू-कश्मीर जाने के निर्णय लेते हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि आज देश में ईडी, सीबीआई और आयकर विभाग जैसी एजेंसियां दबाव में हैं। जब संवैधानिक संस्थाएं स्वतंत्र नहीं रहेंगी तो लोकतंत्र कैसे बचेगा? उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली की सराहना करते हुए कहा कि वे जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने का बेहतरीन कार्य कर रहे हैं।
सचिन पायलट ने भी आतंकवाद पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि जब मुंबई हमला हुआ था, तब कांग्रेस ने अटल बिहारी वाजपेयी सरकार का समर्थन किया था। आज भी राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी सरकार के साथ खड़ी है। पाकिस्तान को करारा जवाब दिया जाना चाहिए।
पायलट ने चेताया कि पाकिस्तान भारत में धर्म और जाति के नाम पर नफरत फैलाना चाहता है, इसलिए देशवासियों को सतर्क रहना होगा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने भाजपा पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि राजस्थान में मुख्यमंत्री पद का चयन दिल्ली से आई एक पर्ची से किया गया, जिससे प्रदेश का बेड़ा गर्क कर दिया गया। जयपुर से कांग्रेस ने लोकतंत्र बचाओ रैली के जरिए पार्टी ने देशभर में अपने जनसंघर्ष अभियान का शंखनाद कर दिया है।
—————
(Udaipur Kiran) / रोहित
