Uttrakhand

उत्तराखंड : महिला अपराध के खिलाफ कांग्रेस ने किया प्रदर्शन

प्रदर्शन करते कांग्रेसी।

देहरादून, 21 सितंबर (Udaipur Kiran) । महिलाओं के खिलाफ अपराधिक घटनाओं के विरोध में उत्तराखंड महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में शनिवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से मुख्यमंत्री आवास तक प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान ज्योति रौतेला सहित प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा, पूर्व विधायक रणजीत रावत, डॉ. हरक सिंह रावत, प्रदेश उपाध्यक्ष संगठन मथुरादत्त जोशी, मुख्य प्रवक्ता गरिमा माहरा दसौनी, आशा मनोरमा डोबरियाल, नन्दा बिष्ट, मोहन काला, बिरेन्द्र रावत, गुल मोहमद समेत कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने सामूहिक गिरफ्तारी दी और सभी को पुलिस लाइन रेसकोर्स ले जाया गया।

प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच कराने तथा दोषियों को फांसी की सजा देने के साथ रिसॉर्ट में आने वाले वीआईपी के नाम का खुलासा करने की मांग की। उन्होंने कहा कि अंकिता हत्याकांड मानवता शर्मसार करने वाला तथा देवभूमि की अस्मिता को कलंकित करने वाली घटना थी। इसके लिए दोषियों को फांसी की सजा दी जानी चाहिए।

उत्तराखंड कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। भाजपा सरकार में महिलाओं पर अत्याचार बढ़ता जा रहा है।

नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि अंकिता हत्याकांड जैसे जघन्य अपराध राज्य में महिला सुरक्षा के लिए गंभीर चिंता का विषय है। कांग्रेस पार्टी अंकिता को न्याय दिलाने के लिए लगातार सदन से लेकर सड़क तक लड़ती रहेगी।

पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने आरोप लगाते हुए कहा कि अंकिता की निर्मम हत्या होने बावजूद अपराधी को इतना वक्त दिया गया कि वह साक्ष्य मिटा सके। एक महत्वपूर्ण साक्ष्य बुलडोजर से तोड़कर नष्ट कर दिया गया। जहां सीसीटीवी कैमरा सहित कई साक्ष्य कोर्ट में महत्वपूर्ण हो सकते थे।

उप नेता भुवन कापड़ी ने कहा कि इन आठ वर्षों में भाजपा की राज्य सरकार पूरी तरह फेल हुई है। भाजपा सरकार न तो महिलाओं के साथ हो रहे अत्याचार कम कर पा रही है और न ही बेरोजगारों को रोजगार दे पा रही है।

पूर्व मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि महिलाओं को आगे आकर स्वयं अपने हक की लड़ाई के लिए तैयार रहना होगा।

————–

(Udaipur Kiran) / कमलेश्वर शरण

Most Popular

To Top