Madhya Pradesh

कांग्रेस और सोरेन परिवार ने झारखंड बनाने का विरोध किया था, इन्हें वोट मांगने का अधिकार नहींः मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दुमका में भाजपा की परिवर्तन यात्रा को किया संबोधित

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने झांरखण्ड के दुमका में भाजपा की परिवर्तन यात्रा के समापन समारोह को किया संबोधित

झारखंड, 30 सितंबर (Udaipur Kiran) । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को झारखंड के दुमका में भारतीय जनता पार्टी द्वारा निकाली गई परिवर्तन यात्रा के समापन पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जब झारखंड प्रदेश बना रहे थे, तब कांग्रेस और सोरेन परिवार ने इसका पुरजोर विरोध किया था। कहा था कि हमारी लाश पर झारखंड प्रदेश बनेगा। आज वही लोग वोट मां रहे हैं, इन्हें वोट मांगने का अधिकार नहीं है।

उन्होंने कहा कि देश को अंग्रेजों से आजाद कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले जनजातीय नायक भगवान बिरसा मुंडा को आजादी के बाद कांग्रेस ने भुला दिया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र में सरकार बनने के बाद भगवान बिरसा के योगदान को भाजपा सरकार ने देश के गांव-गांव तक पहुंचाने का कार्य किया। भगवान बिरसा मुंडा के सम्मान में प्रधानमंत्री ने 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस मनाने का निर्णय लिया। स्वर्गीय अटल जी ने झारखंड को विकसित राज्य बनाने के लिए गठन किया था, लेकिन राज्य बनने के बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा का सोरेन परिवार और कांग्रेस ने इस राज्य को लूटने का कार्य किया। कार्यक्रम को झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी एवं अर्जुन मुंडा ने भी संबोधित किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने देवघर में बाबा बैजनाथ मंदिर पहुंचकर पूजन-अर्चन कर दर्शन भी किया।

आदिवासियों के नाम पर राजनीति करने वाले आदिवासी बहन को राष्ट्रपति बनाने का विरोध किया

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा और सोरेन परिवार आदिवासियों के नाम पर राजनीति करता है। सोरेन परिवार झूठ बोलकर, भोले-भाले आदिवासियों से वर्षों से वोट लेते रहे और आगे बढ़ते चले गए, लेकिन आदिवासियों की भलाई के लिए कोई कार्य नहीं किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जब आदिवासी बहन द्रौपदी मुर्मु को राष्ट्रपति बना रहे थे, तब कांग्रेस पार्टी के साथ मिलकर झारखंड मुक्ति मोर्चा ने विरोध किया। वे आदिवासी बहन को राष्ट्रपति नहीं बनने दे रहे थे। उन्हाेंने कहा झारखंड अनंत संभावनाओं का प्रदेश है। इसकी धरती के नीचे अपार खनिज संपदा छिपी हुई है। संभावनाओं के इस प्रदेश को कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा ने मिलकर लूटने का कार्य किया है। इस प्रदेश का गठन स्वर्गीय अटल जी ने विकसित बनाने के लिए किया था। अब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस प्रदेश को विकसित बनाने के लिए कार्य कर रहे है। इस विधानसभा चुनाव में झारखंड की जनता परिवर्तन चाहती है और विकास के लिए भाजपा को सेवा का अवसर देने के लिए तैयार है।

सोरेन परिवार ने बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठियों का साथ दिया, हिंदुओं की आबादी घट गई

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा का गठबंधन भ्रष्ट और बेइमानों का गठबंधन है। इस गठबंधन के कई नेता जेल में हैं, जो बाहर हैं उनमें भी कई जमानत पर हैं। 300 करोड़ का जमीन घोटाला किया, एक हजार करोड़ का खनन घोटाला किया। यह तो बानगी हैं, इस तरह के कई घोटाले प्रदेश की सरकार में बैठे नेताओं ने किए हैं। झारखंड के गठन के समय यहां 40 प्रतिशत से अधिक हिन्दुओं की आबादी थी अब घटकर मात्र 28 प्रतिशत रह गई है। सोरेन सरकार ने बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठियों का साथ दिया, उन्हें बढ़ावा दे रहे हैं। केवल धर्म विशेष के लोगों की चिंता झारखंड की प्रदेश सरकार कर रही है।

प्रधानमंत्री मोदी ने पेसा कानून लागू कर आदिवासियों को जल, जंगल, जमीन का हक दिया

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पेसा कानून लागू करके आदिवासियों को जल, जंगल और जमीन का हक देने का कार्य किया है। आजादी के बाद से ही आदिवासियों को उनका अधिकार नहीं मिला था। प्रधानमंत्री ने आदिवासियों को पेसा कानून लागू करके उन्हें उनका अधिकार देने का कार्य किया है। गरीबों, झोपड़ियों में रहने वाले लोगों को अगर पक्के आवास देने का कार्य किया है तो वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया है।

हेमंत सोरेन सरकार को हटाने का संकल्प ले झारखण्ड की जनता

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस के नेता राहुल गांधी न भगवान राम को मानते हैं और न राम भक्तों का सम्मान करते हैं। और बड़ी बेशर्मी से बोलते हैं कि भगवान श्री राम के जन्मस्थान गर्भगृह के प्रवेश के समय वहां नाच-गाना हुआ था। कांग्रेस के नेता को शर्म से डूब मरना चाहिए। डॉ. यादव ने कहा कि आपको सम्मान नहीं करना है तो मत करो, लेकिन अपमान तो मत करो। आने वाले चुनाव में कांग्रेस और हेमंत सोरेन को इसका हिसाब चुकता करना होगा। मुख्यमंत्री ने सभी को मध्यप्रदेश आने का भी आमंत्रण दिया है।

—————

(Udaipur Kiran) / नेहा पांडे

Most Popular

To Top