Uttar Pradesh

कांग्रेस ने हमेशा मुसलमानों को छलने का काम किया : गणेश केसरवानी

सम्बोधित करते महापौर

-वक्फ सुधार बिल मुस्लिम समाज व देश के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा : संजय गुप्ता

प्रयागराज, 05 मई (Udaipur Kiran) । वक्फ सुधार जनजागरण अभियान के तहत आयोजित अल्पसंख्यक प्रबुद्ध वर्ग संगोष्ठी में महापौर गणेश केसरवानी ने कहा कि वक्फ सुधार संशोधन बिल मुसलमानों के साथ देश हित में भी है। कांग्रेस ने हमेशा अल्पसंख्यक समाज को छलने का काम किया है।

उन्होंने कहा कि पीएम मोदी का संकल्प है 2047 तक विकसित भारत और इसके लिए समाज के सभी वर्गों का समुचित विकास आवश्यक है। समाज की बुराइयों को समाप्त करना होगा। मोदी सरकार ने तीन तलाक जैसे विषय पर मुस्लिम महिलाओं की बेहतरी के लिए सुधार किया है।

भाजपा प्रयागराज महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिना किसी भेदभाव के समाज के सभी वर्गों के लिए काम किया। हिंदू मुस्लिम भाई-भाई हैं। हमारा दुश्मन वो है जो हमारे देश में आतंकवादी भेजता है, हमला करवाता है। वक्फ सुधार बिल आम गरीब मुसलमानों व देश के लिए मील का पत्थर साबित होगा। महानगर अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना है कि देश आगे बढ़े, अल्पसंख्यक समाज आगे बढ़े और इसीलिए वक्फ संशोधन बिल लाया गया। भाजपा सरकार समाज को बांटने वालों को कामयाब नहीं होने देगी।

वक्फ सुधार जनजागरण अभियान के महानगर संयोजक डॉ शैलेश पांडेय ने कहा कि कांग्रेस की नीति के चलते हिन्दू मुस्लिम का बंटवारा हुआ। कांग्रेस ने मुस्लिम समाज को सिर्फ वोटबैंक समझा। मुसलमानों को लेकर कांग्रेस व सपा ने भाजपा के बारे में भ्रम फैलाने का काम किया। मोदी गरीबों के लिए योजनाएं लाए चाहे वह गरीब हिन्दू हों या मुसलमान। वक्फ बिल संशोधन इसी का प्रमाण है।

कार्यक्रम के संयोजक असद बबली व सह संयोजक आनंद दुबे रहे। संचालन अल्पसंख्यक मोर्चा महानगर अध्यक्ष नवाब खान ने किया। धन्यवाद ज्ञापन निगहत खान ने किया। इस अवसर पर कुंज बिहारी मिश्रा, देवेश सिंह, मो.जुबैर खान, बिलाल अहमद, मो. शरीफ, एख़लाख हुसैन, सैयद उस्मान, राजेश केसरवानी, विवेक मिश्रा, इम्तियाज गुड्डू, सुनीता चोपड़ा, विजय श्रीवास्तव, विजय पटेल, मंजूर खान, मो.अकरम आदि अल्पसंख्यक वर्ग के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / विद्याकांत मिश्र

Most Popular

To Top