
नई दिल्ली, 8 मार्च (Udaipur Kiran) । भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ ने दिल्ली में महिला समृद्धि योजना शुरू होने पर महिलाओं को बधाई दी। उन्होंने इस योजना को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व का एक और प्रमाण बताया, जिसमें महिला सशक्तीकरण सिर्फ नारा नहीं, बल्कि एक वास्तविकता है।
चुघ ने महिला समृद्धि योजना के शुभारंभ के लिए दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उनकी पूरी कैबिनेट को साधुवाद दिया। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार ने फिर से यह सिद्ध कर दिया कि वह जनता से किए गए हर संकल्प को पूरा करती है।
दिल्ली में मीडिया से बातचीत में तरुण चुघ ने कहा कि जहां मोदी सरकार दिल्ली की महिलाओं को आर्थिक सहायता दे रही है, वहीं पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार ने सिर्फ माताओं और बहनों को ठगने का काम किया है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला बोलते हुए चुघ ने याद दिलाया कि 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले आआपा ने पंजाब की हर महिला को 1000 रुपये प्रति माह देने का वादा किया था। आज 36 महीने बीत चुके हैं, लेकिन महिलाओं को एक भी रुपया नहीं मिला। मान और केजरीवाल लगातार झूठ बोलकर माताओं-बहनों को गुमराह कर रहे हैं।
चुघ ने भगवंत मान सरकार पर प्रचार एवं धोखे से सरकार चलाने का आरोप लगाया और कहा कि यह सरकार सिर्फ विज्ञापनों पर सैकड़ों करोड़ खर्च कर सकती है, लेकिन पंजाब की महिलाओं को सम्मान और आर्थिक सहायता देने के लिए इनके पास पैसे नहीं हैं। उन्होंने इसे आआपा सरकार की शर्मनाक विफलता बताया।
दिल्ली और पंजाब की सरकारों की तुलना करते हुए चुघ ने कहा कि दिल्ली में भाजपा सरकार ने महिला समृद्धि योजना महिलाओं को लागू कर दिया हैं, वहीं पंजाब की महिलाओं को आआपा सरकार से सिर्फ धोखा, झूठे वादे और बिगड़ती कानून व्यवस्था ही मिली है।
————
(Udaipur Kiran) / विजयालक्ष्मी
