Uttar Pradesh

सम्पूर्ण समाधान दिवस: 536 प्रार्थना पत्रों में से मात्र 47 का निस्तारण

तहसील चुनार में फरियादियों की समस्या सुनते मंडलायुक्त डा. मुथुकुमार स्वामी बी.

मीरजापुर, 07 सितम्बर (Udaipur Kiran) । जनपद के चारों तहसीलों मड़िहान, चुनार, लालगंज व सदर में जन सामान्य की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए शासन के मंशानुरूप सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन शनिवार को किया गया। तहसील चुनार में मंडलायुक्त डा. मुथुकुमार स्वामी बी. एवं जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन फरियादियों की समस्याओं को सुना। जनपद के चारों तहसीलों में आए 536 प्रार्थना पत्रों में से मात्र 47 का निस्तारण हो सका।

तहसील चुनार में मंडलायुक्त के समक्ष कुल 126 प्रार्थना पत्र आए जिसमें मौके पर तीन प्रार्थना पत्रों का निस्तारित करते हुए शेष को गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के लिए सम्बन्धित अधिकारियों कों निर्देशित किया गया। उन्हाेंने कहा कि शिकायतों का निस्तारण होना चाहिए। गुणवत्ता खराब पाए जाने पर सम्बन्धित अधिकारी के विरूद्ध कार्रवाई की जाएगी। शासन की प्राथमिकता वाले कार्यक्रम संपूर्ण समाधान दिवस व आईजीआरएस की शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।

जिलाधिकारी के समक्ष तहसील सदर में कुल 180 प्रार्थना पत्र आए। इनमें से 20 प्रार्थना पत्रों का मौके पर निस्तारित करते हुए शेष को सम्बन्धित अधिकारियों को प्रेषित किया। जिलाधिकारी ने कहा कि प्राप्त शिकायतों का त्वरित निस्तारण गुणवत्तापूर्ण ढंग से सम्बन्धित विभाग के अधिकारी सुनिश्चित करें। उन्हाेंने कहा कि राजस्व व भूमि विवाद से सम्बन्धित अधिकांश प्रार्थना पत्र हैं। राजस्व अधिकारी मौके पर पहुंचकर भौतिक सत्यापन के पश्चात ही संतुष्टिपरक निस्तारण करें।

इसी प्रकार तहसील लालगंज में 170 प्राप्त प्रार्थना पत्रों में से मौके पर 19 का निस्तारण, तहसील मड़िहान में 60 में पांच का मौके पर निस्तारण करते हुये शेष प्रार्थना पत्रों को निस्तारण के लिए सम्बन्धित विभागीय अधिकारियों को प्रेषित किया गया।

(Udaipur Kiran) / गिरजा शंकर मिश्रा

Most Popular

To Top