Maharashtra

अमरावती में फैक्ट्री को बम से उड़ाने की धमकी, शिकायत दर्ज

मुंबई, 10 मई (Udaipur Kiran) । भारत और पाकिस्तान के बीच बड़े तनाव के बीच शनिवार को अमरावती जिले में नांदगांव पेठ इलाके में स्थित एक फैक्ट्री को बम से उड़ाने धमकी मिली है। यह धमकी फैक्ट्री के व्हाट्सएप पर +92 नंबर से आये 4 ऑडियो कॉल पर दी गई। फैक्ट्री के कर्मचारियों ने नांदगांव पेठ पुलिस स्टेशन में इस मामले की शिकायत दर्ज कराई है। अमरावती पुलिस इस धमकी भरे मैसेज की जांच कर रही है।

इस धमकी भरे मैसेज की जानकारी अमरावती पुलिस ने तुरंत केंद्रीय गृह मंत्रालय को दी है। अमरावती शहर और ग्रामीण पुलिस हाई अलर्ट पर है। अमरावती के पुलिस कमिश्नर नवीनचंद्र रेड्डी ने अपील की है कि अज्ञात नंबरों से आने वाले कॉल न उठाएं। इसके अलावा नागरिकों से अफवाहों पर विश्वास न करने का आग्रह किया गया है। फिलहाल अमरावती शहर की पुलिस सोशल मीडिया अकाउंट्स पर कड़ी नजर रख रही है।

दरअसल, शुक्रवार को मुंबई के परेल में स्थित टाटा अस्पताल को धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद मुंबई में हडक़ंप मच गया था। धमकी भरे मेल के बाद पुलिस व्यवस्था सतर्क हो गई। पूरे अस्पताल में तलाशी अभियान चलाया गया। जिस ईमेल से यह धमकी आई है, उसका आईपी एड्रेस ढूंढने के प्रयास चल रहे हैं।

—————

(Udaipur Kiran) यादव

Most Popular

To Top