नई दिल्ली, 26 दिसंबर (Udaipur Kiran) । भाजपा नेता रूबी फोगाट यादव ने दक्षिण पश्चिम जिले के वसंत कुंज साउथ थाने में आम आदमी पार्टी (आआपा) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल एवं उनकी पार्टी के खिलाफ शिकायत दी है। पुलिस को दी शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया है कि अरविंद केजरीवाल व उनकी पार्टी जनता को गुमराह कर रही है और फर्जी योजनाओं आम लोगों से उनकी व्यक्तिगत जानकारी को एकत्र कर रही है। इन फर्जी बहानों से वह लोगों के फोन नंबर, मतदाता पहचान पत्र विवरण और ओटीपी जैसे संवेदनशील व्यक्तिगत डेटा को एकत्र कर रहे हैं।
भाजपा नेता का दावा है कि इनमें शामिल दो योजनाएं महिला सम्मान योजना और संजीवनी योजना हैं। ये योजनाएं वित्तीय लाभ व स्वास्थ्य सेवा सहायता प्रदान करने का दावा करती हैं और विशेष रूप से महिलाओं और बुजुर्ग नागरिकों को लक्षित करती हैं। आरोप है कि व्यक्तिगत डेटा थर्ड पार्टी के कर्मचारियों के माध्यम से एकत्र किया जा रहा है जो सक्रिय रूप से ओटीपी के साथ जनता से संवेदनशील विवरण मांग रहे हैं। यह एकत्रित डेटा के दुरुपयोग और इन कथित धोखाधड़ी गतिविधियों में बाहरी संस्थाओं की भागीदारी के बारे में और अधिक चिंताएं पैदा करता है। भाजपा नेता का दावा है कि इस तरह की प्रथाएं अनैतिक, अवैध और डेटा गोपनीयता कानूनों का घोर उल्लंघन हैं।
—————
(Udaipur Kiran) / कुमार अश्वनी
