Uttar Pradesh

औद्योगिक गलियारा के लिए डीएम सर्किल से चार गुना दिया जा रहा मुआवजा : नन्दी

मंत्री नन्दी

-विधानसभा में डॉ.आरके वर्मा के सवाल का मंत्री नन्दी ने दिया जवाब

प्रयागराज, 05 मार्च (Udaipur Kiran) । विधान भवन लखनऊ में उत्तर प्रदेश के उत्तम विकास एवं उन्नति को समर्पित विधानसभा के बजट सत्र के दसवें दिन की कार्यवाही में सम्मिलित होते हुए बुधवार को उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने विधानसभा सदस्य एवं उपमुख्य सचेतक विधान मण्डल दल (सपा) डॉ. आरके वर्मा द्वारा नियम 56 के अंतर्गत पूछे गए प्रश्न का जवाब दिया।

मंत्री नन्दी के पीआरओ ने जानकारी देते हुए बताया कि सदस्य विधानसभा डॉ. आरके वर्मा ने पूछा था कि जनपद प्रयागराज के सोरांव तहसील की ग्राम पंचायत माधोपुर मलाक चतुरी, जुड़ापुर दांदूपुर बारी, सरायताल खातून उर्फ शिवगढ़ में किसानों की भूमि के अधिग्रहण में सर्किल रेट में विसंगति, मुआवजा विसंगति और भूमि अधिग्रहण में पारदर्शिता न होने, किसानों की वरासत, नाम त्रुटि, रकबा आदि का निवारण न होने से किसान आंदोलित हैं।

जिसका जवाब देते हुए उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने सदन को बताया कि औद्योगिक गलियारा के लिए किसानों से भूमि का क्रय डीएम सर्किल के चार गुना पर किसानों की सहमति से किया जा रहा है। किसानों की वरासत, नाम त्रुटि आदि की राजस्व सम्बंधी विसंगतियों का निराकरण किया जा रहा है।

डॉ. आरके वर्मा ने 29 अन्य जनपदों में औद्योगिक गलियारा विकसित करने के लिए जमीन अधिग्रहण में विसंगतियों का आरोप लगाया था। जिस पर जवाब देते हुए नन्दी ने कहा कि औद्योगिक गलियारा परियोजना के लिए आपसी सहमति से डीएम सर्किल के चार गुना पर भूमि क्रय का कार्य किया जा रहा है।

—————

(Udaipur Kiran) / विद्याकांत मिश्र

Most Popular

To Top