
इंदौर, 15 मार्च (Udaipur Kiran) । इंदौर में 19 मार्च रंगपंचमी के अवसर पर रंगारंग गेर निकलेगी। इंदौर में परम्परागत रूप से निकलने वाली रंगपंचमी की गेरों के आयोजन की व्यापक तैयारियां जारी है। कलेक्टर आशीष सिंह ने शनिवार को अधिकारियों के दल के साथ गेर मार्ग का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त शिवम वर्मा, अपर पुलिस आयुक्त अमित सिंह, एडीएम रोशन राय सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
कलेक्टर आशीष सिंह ने गेर मार्ग के निरीक्षण की शुरूआत टोरी कार्नर चौराहे से की। इसके बाद वे निर्धारित गेर मार्गों पर पहुंचे और उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे जल्द से जल्द मार्ग की मरम्मत कर दें। विद्युत सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। विद्युत के तारों को आवश्यकता अनुसार ऊंचा करें। डीपी पर भी सुरक्षा के प्रबंध रखें। पूरे मार्ग पर सभी आवश्यक बंदोबस्त सुसुनिश्चित कर ली जाये। कार्यों में किसी प्रकार की कोताही नहीं बरती जाये। व्यवस्थाओं को समयसीमा में पूरा करें। सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम रखें जाएं।
कलेक्टर ने बताया कि पूरे मार्ग पर निगरानी के लिये सीसीटीवी कैमरे लगाये जाएंगे। साथ ही कंट्रोल रूम भी बनाया जायेगा। बेरिकेटिंग की भी व्यवस्था रहेगी। आकस्मिक चिकित्सा के लिये भी प्रबंध किये जा रहे हैं। निर्धारित स्थानों पर एम्बुलेंस और अग्निशमन वाहनों की व्यवस्था भी रहेगी।
(Udaipur Kiran) तोमर
