HimachalPradesh

सेवा भाव से कार्य कर रही सरकार, जन आकांक्षाओं की हो रही पूर्ति: कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल

मंत्री धनीराम शांडिल

सोलन, 16 मई (Udaipur Kiran) । स्वास्थ्य, सामाजिक न्याय एवं सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि प्रदेश सरकार सेवा भावना के साथ जन-जन की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। वह शुक्रवार को कंडाघाट उपमंडल की ग्राम पंचायत सकोड़ी में आयोजित ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम में लोगों की समस्याओं का समाधान करने के उपरांत जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

डॉ. शांडिल ने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य गांवों में जाकर प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध करवाना और लोगों की समस्याओं का स्थल पर निवारण करना है। इस दौरान कुल 25 मांगें और शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से अधिकांश का समाधान मौके पर ही किया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को भेजा गया।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए नि:शुल्क चिकित्सा शिविर में 75 लोगों की जांच की गई। मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में किसानों, बच्चों और कमजोर वर्गों के लिए योजनाएं प्रभावी रूप से लागू की जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि प्राकृतिक रूप से उत्पादित फसलों के लिए एक महीने का विशेष पंजीकरण अभियान शुरू किया गया है, जिससे किसानों को समर्थन मूल्य का लाभ मिलेगा। इसके अलावा, मुख्यमंत्री सुखाश्रय योजना के अंतर्गत 7,000 बच्चों को लाभ मिल रहा है।

डॉ. शांडिल ने बताया कि कंडाघाट के क्वारग में 80 करोड़ रुपये की लागत से दिव्यांगजन के लिए ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ स्थापित किया जाएगा। उन्होंने 200 चिकित्सकों की भर्ती, आईटीआई खोलने और बांजणी में आंगनवाड़ी केंद्र शुरू करने की भी घोषणा की।

—————

(Udaipur Kiran) / संदीप शर्मा

Most Popular

To Top