Madhya Pradesh

मध्‍य प्रदेश में ठंड का यू-टर्न, कई शहरों में चली सर्द हवाएं

मध्य प्रदेश में मौसम

भोपाल, 5 मार्च (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश में एक बार फिर ठंड ने यू-टर्न ले लिया है। उत्तर भारत से आ रही सर्द हवाओं की वजह से प्रदेश में रात के साथ दिन में भी ठंडक घुल गई है। इससे कई शहरों में पारा लुढ़क गया है। मौसम विभाग के अनुसार, भोपाल में बुधवार को 4.7 डिग्री की गिरावट के बाद पारा 26.9 डिग्री पर आ गया, जबकि इंदौर में 28.4 डिग्री, ग्वालियर में 27.9 डिग्री, उज्जैन में 28.5 डिग्री और जबलपुर में तापमान 27.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सबसे ठंडा पचमढ़ी रहा यहां अधिकतम तापमान 23 डिग्री दर्ज किया गया। यहां एक ही दिन में तापमान में 4.5 डिग्री की गिरावट देखने को मिली।

मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी पीके रायकवार ने बताया कि वर्तमान में किसी मौसम प्रणाली के सक्रिय नहीं रहने के साथ ही हवाओं का रुख भी उत्तरी एवं उत्तर-पश्चिमी हो गया है। लगातार सर्द हवाओं के चलने से प्रदेश में एक बार फिर तापमान में काफी गिरावट हुई है। लगातार आए पश्चिमी विक्षोभ के असर से उत्तर भारत के पहाड़ों पर जबरदस्त बर्फबारी और वर्षा हुई थी। इससे वहां का तापमान काफी कम बना हुआ है।

उन्होंने बताया कि बुधवार को प्रदेश में सबसे कम आठ डिग्री सेल्सियस तापमान राजगढ़ में दर्ज किया गया। गुना में रात का तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस पर रहा। हिल स्टेशन पचमढ़ी में रात का पारा 10.3 डिग्री सेल्सियस पर रहा। दिन का सबसे कम 26.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रीवा में रिकार्ड किया गया। इसी तरह बैतूल में 28.2 डिग्री, धार में 29.3 डिग्री, गुना में 27.6 डिग्री, रायसेन में 27 डिग्री, रतलाम में 29.4 डिग्री, शिवपुरी में 27.2 डिग्री, दमोह में 29 डिग्री, खजुराहो में 28.8 डिग्री, मंडला में 29 डिग्री, नौगांव में 28 डिग्री, रीवा में 26.5 डिग्री, सागर में 29.3 डिग्री, सतना में 27.4 डिग्री, सीधी में 26.4 डिग्री, मलाजखंड में 28 डिग्री और उमरिया में पारा 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञानियों के मुताबिक गुरुवार को ठंड का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है। शुक्रवार से तापमान में कुछ बढ़ोतरी हो सकती है। नौ मार्च से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत में पहुंचने वाला है। उसके बाद एक बार फिर धूप में तल्खी बढ़ने लगेगी।

(Udaipur Kiran) तोमर

Most Popular

To Top