
– दो दिन पूर्व को मुख्य सचिव और मुख्यमंत्री से लखनऊ में मिले थे महापौर और नगर आयुक्त
मुरादाबाद, 17 मई (Udaipur Kiran) । मुरादाबाद के महापौर विनोद अग्रवाल ने शनिवार को बताया कि इस माह के अंत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नगर निगम की कई परियोजनाओं का जल्द उद्घाटन करेंगे। महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री के आश्वासन पर नगर निगम ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
महापौर विनोद अग्रवाल ने नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल के साथ दो दिन पूर्व लखनऊ में मुख्यमंत्री व मुख्य सचिव से मुलाकात की थी। महापौर ने मुख्यमंत्री से शहर आकर इन परियोजनाओं का उद्घाटन करने का आग्रह किया था। विनोद अग्रवाल ने बताया कि जिस पर मुख्यमंत्री ने सहमति देते हुए कहा कि वह इसी महीने महानगर में आएंगे। मुख्यमंत्री योगी नगर निगम की ओर से बनवाए गए संविधान-साहित्य पार्क का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही वह वार मेमोरियल का भी लोकार्पण करेंगे।
महापौर का कहना है कि मुख्यमंत्री को विकास कार्यों के अलावा प्रस्तावित कार्यों के बारे में भी जानकारी दी गई। साथ ही बताया गया कि निगम ने अब तक 1200 करोड़ रूपये की सम्पत्ति को अतिक्रमणमुक्त कराया है। इसके अलावा निगम ने पहली बार 100 करोड़ से अधिक राजस्व वसूली की है। मुख्यमंत्री शहर आएंगे तो वह संविधान-साहित्य पार्क, स्पंदन सरोवर, 5-डी मोशन थिएटर, 3-डी होलोग्राम आदि परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा वार मेमोरियल का लोकार्पण करेंगे।
(Udaipur Kiran) / निमित कुमार जायसवाल
