Haryana

शपथ ग्रहण से पहले फील्ड में उतरे सीएम व सभी विधायक

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी अनाज मंडी में खरीद का जायजा लेते हुए

-प्रदेश भर की अनाज मंडियों का किया दौरा

-मुख्यमंत्री ने कुरुक्षेत्र में अनाज मंडियों का किया दौरा

चंडीगढ़, 11 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । हरियाणा के कार्यवाहक मुख्यमंत्री नायब सैनी तथा भाजपा के सभी विधायक शुक्रवार को फील्ड में उतर गए। सीएम तथा विधायकों ने प्रदेश की अनाज मंडियों का दौरा करके खरीद प्रबंधों का जायजा लिया। उनके साथ विभागों के अतिरिक्त मुख्य सचिव भी मौजूद रहे। सीएम तथा विधायकों ने दिनभर मंडियों का दौरा करके किसानों तथा आढ़तियों से बातचीत की।

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि किसानों की फसल का एक-एक दाना खरीदा जायेगा। किसानों को तय समय में फसल खरीद का भुगतान भी सुनिश्चित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री शुक्रवार को जिला कुरुक्षेत्र में पीपली, लाडवा व बबैन अनाज मंडियों का दौरा कर रहे थे। यहां पहुंचने पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. जी अनुपमा, उपायुक्त राजेश जोगपाल व पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला ने मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ देकर उनका अभिनंदन किया। इस मौके पर पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा भी उपस्थित रहे।

नायब सिंह सैनी ने अनाज मंडी का दौरा करते हुए मॉइस्चर मीटर के माध्यम से धान की नमी भी चेक की। उन्होंने इस मौके पर किसानों, आढ़तियों और यूनियन के पदाधिकारियों के साथ बातचीत करके धान के खरीद कार्य के बारे में जानकारी भी हासिल की। उन्होंने कहा कि तय पैरामीटर के अनुसार धान खरीद का कार्य सुचारू रूप से चल रहा है। धान के साथ-साथ बाजरे की भी सरकारी खरीद की जा रही है।

पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने हरियाणा में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनने पर प्रदेशवासियों व कार्यकर्ताओं को बधाई भी दी और इसके लिए आमजनों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने इस मौके पर कहा कि शपथ समारोह से पहले पूर्व घोषित वादे के अनुरूप 25 हजार पदों का रिजल्ट जल्द निकाल दिया जायेगा।

मुख्यमंत्री ने धान खरीद कार्य का जायजा लेने के दौरान किसानों व आढ़तियों से सीधा संवाद करते हुए उनकी समस्याएं भी जानीं। इस दौरान किसानों ने धान की उपज का उठान न होने के बारे, आरओ न कटने के बारे व अन्य समस्याएं रखीं। मुख्यमंत्री ने मौके पर ही सम्बंधित अधिकारियों को इन समस्याओं का निपटान करने के निर्देश देते हुए कहा कि मंडियों में किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं आनी चाहिए।

—————

(Udaipur Kiran) शर्मा

Most Popular

To Top