

सिविल डिफेंस के वार्डेन निःस्वार्थ भाव से 24 घंटे समाज की सेवा के लिए तत्पर रहते हैं : एसपी सिटी
मुरादाबाद, 06 दिसम्बर (Udaipur Kiran) । मुरादाबाद में सिविल लाइंस स्थित सिविल डिफेंस आफिस पर शुक्रवार को नागरिक सुरक्षा कोर का 64 वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर कार्यालय पर ध्वजारोहण हुआ। जरूरतमंदों को कंबल वितरण किया गया और नागरिक सुरक्षा के वार्डनों ने रक्तदान किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि अपर जिलाधिकारी नगर व नागरिक सुरक्षा की उपनियंत्रक ज्योति सिंह ने सिविल डिफेंस का ध्वजारोहण करने के बाद कहा कि नागरिक सुरक्षा के वार्डेन पुलिस और प्रशासन के बीच की अहम कड़ी है। विशिष्ट अतिथि पुलिस अधीक्षक नगर रणविजय सिंह ने कहा कि सिविल डिफेंस के वार्डेन निःस्वार्थ भाव से 24 घंटे समाज की सेवा के लिए तत्पर रहते हैं।
सहायक उपनियंत्रक सतीश कुमार ने नागरिक सुरक्षा कोर के वार्डनों द्वारा वर्ष भर में किए गए कार्यों पर प्रकाश डाला तथा भविष्य की योजना के विषय में चर्चा की। डिवीजनल वार्डन अशोक गुप्ता ने सिविल डिफेंस का इतिहास बताते जानकारी दी कि आज से 58 वर्ष पूर्व भारत-चीन युद्ध के दौरान 6 दिसंबर 1962 को उत्तर प्रदेश में नागरिक सुरक्षा कोर का गठन किया गया था। यह संगठन अवैतनिक सरकारी संगठन था जिसका कार्य उस समय हवाई हमलों से बचाव के लिए नागरिकों को सचेत करना था लेकिन बदलते परिवेश में नागरिक सुरक्षा कोर की भूमिका भी लगातार बदलती गई तथा आज नागरिक सुरक्षा कोर प्राकृतिक आपदाओं में राहत पहुंचाने जैसे जोखिम भरे कार्य भी करता है। इस अवसर पर सभी वार्डनों ने देश के नागरिकों के प्रति समाज सेवा की भावना की शपथ भी ली। कार्यक्रम का संचालन सैय्यद मोहम्मद हाशिम ने किया।
(Udaipur Kiran) / निमित कुमार जायसवाल
