
धमतरी, 20 मई (Udaipur Kiran) । राज्य समिति सीटू के आव्हान पर 20 मई को राष्ट्रव्यापी एक दिवसीय हड़ताल के तहत धमतरी जिला इकाई ने गांधी मैदान में प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के बाद केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार की मजदूर एवं कर्मचारी विरोधी नीतियों के खिलाफ एसडीएम माध्यम से प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के नाम मांग पत्र सौंपा गया।
धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए सीटू के जिला सचिव समीर कुरैशी ने कहा कि, राज्य व केंद्र सरकार मजदूरों के साथ छलावा कर रही है। मजदूर दिनों दिन शोषित हो रहा है। उसे न्यूनतम मजदूरी भी नहीं मिल पा रही है। भारतीय खाद्य निगम के अंतर्गत गोदामों में सरकार द्वारा ठेका देकर हमाल मजदूरों से कार्य कराया जाता है। ठेका मजदूर लगातार कई वर्षों से मेहनत से कार्य करते आ रहे हैं, लेकिन इन मजदूरों को नाम मात्र की सुविधाओं को छोड़कर केंद्र एवं राज्य सरकार के द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ नहीं मिलता है। धमतरी राजस्व जिला की सीमा अन्तर्गत समस्त भारतीय खाद्य निगम के गोदामों के कार्यरत ठेका मजदूरों को एक समान मजदूरी दिया जाए। समस्त ठेका मजदूरों को शीघ्र श्रमिक दर (कलेक्टर दर) के दायरे में लाया जाए। समस्त ठेका श्रमिकों को श्रम मंत्रालय द्वारा सामाजिक कल्याणकारी योजनाओं को लाभ दिलाया जाए। धमतरी जिला के अन्तर्गत सभी भारतीय खाद्य निगम के अंतर्गत समस्त ठेका मजदूरों के लिए सामान्य सुविधा, विश्राम गृह एवं बिजली, पानी, कुर्सी, टेबल उपलब्ध कराया जाए। धमतरी जिला के समस्त गोदाम परिसर में सर्व सुलभ शौचालय व्यवस्था किया जाए। भारतीय खाद्य निगम में कार्यरत ठेका श्रमिक को कार्यस्थल पर दुर्घटनाग्रस्त होने की दशा में एक लाख रुपये एवं मृत्य होने की दशा में श्रमिको के उत्तराधिकारी को 10 लाख दिया अनुग्रह राशि जाए। भारतीय खाद्य निगम में ठेकादार परिवर्तन होने की दशा में वर्तमान में कार्यरत श्रमिको को यथावत रखा जाए।
(Udaipur Kiran) / रोशन सिन्हा
