Haryana

झज्जर : राष्ट्रीय गोधन सम्मिट को लेकर गोष्ठी में हुआ मंथन

राष्ट्रीय गोधन सम्मिट को लेकर हुई गोष्ठी में अपने विचार व्यक्त करते गो प्रेमी।

झज्जर, 17 मई (Udaipur Kiran) । नई दिल्ली स्थित मेजर ध्यान चंद नेशनल स्टेडियम में आगामी 5 से 10 नवंबर तक होने जा रहे राष्ट्रीय गोधन सम्मिट-2025 के बारे में जागरूक करने के उद्देश्य से शनिवार को बहादुरगढ़ में एक विशेष गोष्ठी का आयोजन किया गया। बहादुरगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के सभागार में हुई इस गोष्ठी में राष्ट्रीय गोधन सम्मिट के संयोजक विजय खुराना, पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल, भारतीय किसान संघ के प्रदेश अध्यक्ष सतीश छिकारा और कई बड़े उद्यमियों ने भाग लिया। बहादुरगढ़ चैंबर ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष सुभाष जग्गा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष विकास आनन्द सोनी व नरेंद्र छिकारा भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। गोष्ठी में शामिल लोगों को संबोधित करते हुए विजय खुराना ने बताया कि राष्ट्रीय गोधन महासंघ लगभग 19 साल से गाय के संरक्षण के लिए काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि गाय एक जीवन विज्ञान है। गाय का संरक्षण भारत को पर्यावरण, अर्थव्यवस्था व रोजगार सर्जन में आत्मनिर्भर बनाने में अहम भूमिका निभा सकता है।

पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल ने बताया कि गाय माता में 33 करोड़ देवी देवताओं का वास होता है। गाय का गोबर जो नालियों में बहता है उससे लकड़ी बनाई जा सकती है और लाखों वृक्ष कटने से बचाए जा सकते हैं।

गाय के गोबर व मूत्र से पंचगव्य उत्पाद बनाकर कैंसर जैसी घातक बीमारियों से बचा जा सकता है। भारतीय किसान संघ के प्रदेश अध्यक्ष सतीश छिकारा ने बताया कि गो आधारित जैविक खेती के लिए गाय को पालना बेहद जरूरी है। आज के दिन किसानों ने धरती माता को बड़ी मात्रा में बेहद जहरीले कीटनाशक डालकर जहरीला बना दिया है और गाय जब तक किसान के घर तक नहीं जाएगी इस जहर से पीछा नहीं छूट सकता। इसी कड़ी में अनेक बुद्धि जीवियों ने अपने विचार रखे। बीसीसीआई अध्यक्ष सुभाष जग्गा ने सभी आगंतुकों का स्वागत और धन्यवाद किया। इस मौके पर भारतीय किसान संघ दिल्ली प्रदेश के अध्यक्ष हरपाल डागर अध्यक्ष, महामंत्री कृष्ण सहरावत, जिला अध्यक्ष संजीव, प्रोफेसर तरुण व प्रिंसिपल नंदकिशोर आदि अनेक गो प्रेमी मौजूद रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / शील भारद्वाज

Most Popular

To Top