
-मंत्री नन्दी की पहल पर जुलाई और अगस्त में 66 मरीजों को दी गई एक करोड़ तीस लाख रूपए की आर्थिक मदद
प्रयागराज, 16 सितम्बर (Udaipur Kiran) । गम्भीर रूप से बीमार लोगों के लिए मुख्यमंत्री आर्थिक मदद योजना जीवनदायिनी साबित हो रही है। उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी की पहल पर हर महीने गम्भीर बीमारियों के शिकार एवं आर्थिक रूप से कमजोर 50 से अधिक मरीजों को मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। नन्दी की पहल पर जुलाई और अगस्त महीने में 66 मरीजों को एक करोड़ तीस लाख 33 हजार 962 रूपए की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई। जिस पर नन्दी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया है।
मंत्री नन्दी ने कहा कि जब घर का कोई सदस्य गम्भीर बीमारी का शिकार होता है तो उसका ईलाज कराने में पूरे परिवार की आर्थिक बोझ के कारण कमर टूट जाती है। कई परिवार ऐसे हैं, जो आर्थिक तंगी की वजह से अपनों का बेहतर ईलाज नहीं करा पाते हैं और ईलाज के अभाव में उन्हें खो देते हैं। ऐसे लोगों की मदद के लिए ही 25 करोड़ प्रदेशवासियों के सुख-दुःख का ध्यान रखने वाले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश का खजाना खोल रखा है।
नन्दी ने कहा है कि गम्भीर रोगों से ग्रसित मरीजों को बीमारी का ईलाज कराने के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाई जा रही है। जुलाई महीने में प्रयागराज के साथ ही अन्य जनपदों के 46 मरीजों और अगस्त महीने में 89 लाख 38 हजार रूपए की आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाई गई। जिसकी वजह से कई लोगों को जीवनदान मिला।
नन्दी ने कहा कि असाध्य एवं गम्भीर रोगों से ग्रसित व आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को ईलाज कराने के लिए भटकना न पड़े, परेशान न होना पड़े इसके लिए मुख्यमंत्री योगी ने सरकारी खजाना खोल रखा है। जिन लोगों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई, उनमें बहादुरगंज, मालवीय नगर, खुल्दाबाद, करेली, कीडगंज, पुराना कटरा, सरायइनायत फूलपुर, रामबाग, बादशाही मण्डी, नैनी, जीटीबीनगर, मुट्ठीगंज, हिम्मतगंज, सोरांव, मीरापुर, मेजा, चित्रकूट, गोण्डा, सराय अकिल, रायबरेली के लोग शामिल हैं।
—————
(Udaipur Kiran) / विद्याकांत मिश्र
