HimachalPradesh

मुख्यमंत्री ने बीबीएमबी में हिमाचल प्रदेश से स्थायी सदस्य की नियुक्ति का अनुरोध किया

शिमला, 22 मई (Udaipur Kiran) । मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बुधवार को नई दिल्ली में केंद्रीय विद्युत मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात की और हिमाचल प्रदेश से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण मुद्दों को मजबूती से उठाया।

मुख्यमंत्री ने बैठक के दौरान सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों और केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों द्वारा संचालित जलविद्युत परियोजनाओं में राज्य की मुफ्त बिजली हिस्सेदारी बढ़ाने की मांग की, विशेष रूप से उन परियोजनाओं में जहां परियोजना लागत पहले ही वसूल की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश राष्ट्रीय ऊर्जा क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है, ऐसे में राज्य को उसका वाजिब हिस्सा मिलना चाहिए।

सुक्खू ने बैरा-स्यूल जलविद्युत परियोजना को हिमाचल प्रदेश को सौंपने की वर्षों से लंबित मांग को भी दोहराया। इस परियोजना का निर्माण वर्ष 1980-81 में हुआ था। उन्होंने भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड से राज्य की बकाया राशि जल्द जारी करने का अनुरोध किया और बीबीएमबी में हिमाचल प्रदेश से एक स्थायी सदस्य की नियुक्ति की आवश्यकता पर भी बल दिया।

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री को सतलुज जल विद्युत निगम लिमिटेड की लुहरी, सुन्नी और धौलसिद्ध परियोजनाओं, साथ ही एनएचपीसी की डुग्गर परियोजना को राज्य को सौंपने की सैद्धांतिक मंजूरी प्रदान करने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने बताया कि इन परियोजनाओं का लागत मूल्यांकन वर्तमान में किया जा रहा है।

इसके अतिरिक्त सुक्खू ने शिमला जिले में जाठिया देवी टाउनशिप के विकास हेतु केंद्रीय सहायता की मांग की तथा शहरी विकास विभाग के अंतर्गत चल रही विभिन्न परियोजनाओं पर भी चर्चा की।

केंद्रीय विद्युत मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने मुख्यमंत्री को राज्य के हित में केंद्र सरकार की ओर से हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।

—————

(Udaipur Kiran) शुक्ला

Most Popular

To Top