HEADLINES

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वाल्मीकि महोत्सव-2025 का किया उद्घाटन

मुख्यमंत्री वाल्मीकि महोत्सव का उद्घाटन करते

पटना/वाल्मीकिनगर, 08 मार्च (Udaipur Kiran) ।

बिहार सरकार के कला, संस्कृति एवं युवा विभाग और जिला प्रशासन के संयुक्त देखरेख में शनिवार को वाल्मीकि महोत्सव 2025 का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया।

मुख्यमंत्री शनिवार शाम वाल्मीकिनगर के हाई स्कूल खेल मैदान पहुंचे, जहां आयोजित मुख्य कार्यक्रम में उन्होंने हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री मंच पर करीब 22 मिनट तक मौजूद रहे। मुख्यमंत्री के आगमन पर मंच पर मौजूद विधायकों, मंत्रियों और सांसदों ने उनका स्वागत किया। स्वागत के क्रम में बिहार गीत से मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया गया। इसके बाद लौरिया विधायक विनय बिहारी और प्रसिद्ध लोक गायिका अनुपमा यादव ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर समां बांध दिया।

कार्यक्रम के दौरान बालेदु मिश्रा ने भक्ति गीत ठुमकत चलल राम चंद्र, रामजी से पूछे जनकपुर के नारी प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं हरिशंकर मिश्रा ने रामनाम अति पावन है, राम करें कल्याण जैसे भक्ति गीत प्रस्तुत किए। उनके गायन ने माहौल को भक्तिमय बना दिया।

जिला प्रभारी मंत्री जनक राम, पूर्व उपमुख्यमंत्री रेणु देवी, एमएलसी शौरभ कुमार, वाल्मीकिनगर विधायक रिंकू सिंह, चनपटिया विधायक उमाकांत सिंह, एमएलसी भीष्म साहनी, बेतिया नगर निगम की मेयर गरिमा देवी शिकारिया, बगहा के नगर सभापति पुष्पा गुप्ता, उपसभापति रश्मि रंजन सहित अन्य जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / गोविंद चौधरी

Most Popular

To Top