West Bengal

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दी तृतीया की शुभकामनाएं

ममता बनर्जी

कोलकाता, 05 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । एक तरफ पश्चिम बंगाल में जूनियर डॉक्टर आर.जी. कर कांड में न्याय की मांग पर सड़कों पर हैं, तो दूसरी तरफ मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्य वासियों को दुर्गोंत्सव की याद दिलाई है। मुख्यमंत्री ने दुर्गा पूजा के अवसर पर बंगाली समाज और सभी भक्तों को तृतीया की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने शनिवार को अपने ट्वीट में लिखा, शरद ऋतु के बादलों, शिउली और काश फूलों की खुशबू के बीच हम उन चार दिनों के और करीब आ रहे हैं, जिसका दुनिया भर‌ के बंगालियों को साल भर इंतजार रहता है। ढाक की थापें और शहर की रौनक हमें इस महान त्योहार के प्रति हमारी गहरी आस्था की याद दिलाती हैं।

ममता बनर्जी के इस संदेश में दुर्गा पूजा के उल्लास का संकेत है। दुर्गा पूजा, जो भारतीय संस्कृति का एक अभिन्न हिस्सा है, विशेषकर पश्चिम बंगाल में, वर्ष का सबसे बड़ा पर्व माना जाता है। यह महोत्सव केवल धार्मिक आस्था ही नहीं बल्कि सांस्कृतिक धरोहर को भी उजागर करता है। दुर्गा पूजा में मां दुर्गा की महिषासुर पर विजय को उत्सव के रूप में मनाया जाता है। बंगाल के साथ-साथ दुनिया भर के बंगाली इस त्योहार को भव्य तरीके से मनाते हैं, जहां पंडालों की सजावट, सांस्कृतिक कार्यक्रम और देवी दुर्गा की प्रतिमाओं की स्थापना विशेष आकर्षण होते हैं।

जैसे-जैसे त्योहार की रौनक बढ़ती जा रही है, ममता बनर्जी ने सभी लोगों से इस समय का भरपूर आनंद उठाने और एकजुटता के साथ त्योहार को मनाने की अपील की है।

(Udaipur Kiran) / ओम पराशर

Most Popular

To Top