Haryana

दादरी से हिसार जाते हुए मुख्यमंत्री ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं

काफिला रुकवाकर ग्रामीणों से की मुलाकात और जाना उनका हाल चाल

मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर खुश दिखे लोग

रोहतक, 9 मार्च (Udaipur Kiran) । हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को जिला हिसार जाते समय गांव भैणी महाराजपुर में अपना काफिला रुकवाकर ग्रामीणों से मुलाकात की और उनका कुशलक्षेम जाना। इस दौरान मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों को होली की बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

मुख्यमंत्री ने किसानों से उनकी फसल के बारे में भी जानकारी हासिल की। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार किसान हितैषी सरकार है, जो लगातार किसानों के कल्याण के लिए निर्णय ले रही है। किसानों के हितों में हमारी सरकार ने सभी फसलों को एमएसपी पर खरीदने का निर्णय लिया है, ऐसा करने वाला हरियाणा देश का पहला राज्य है।

सीएम सैनी ने किसानों से फसल खराबे के बारे भी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने पिछले दिनों प्रदेश के अलग-अलग जिलों में हुई बेमौसमी बारिश व ओलावृष्टि के कारण प्रभावित हुई फसलों की विशेष गिरदावरी के निर्देश दिए हैं। साथ ही, क्षतिपूर्ति पोर्टल भी खोला है, जिस पर किसान स्वयं अपनी खराब हुई फसल की जानकारी दर्ज कर सकते हैं।

मुख्यमंत्री को अचानक से अपने बीच पाकर ग्रामीणों का खुशी का कोई ठिकाना नहीं रहा था और मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर सभी आश्चर्यचकित रह गए। मुख्यमंत्री ने न केवल आम आदमी की तरह ग्रामीणों के बीच खड़े होकर बातचीत की बल्कि उनकी समस्याएं भी जानी। लोगों का कहना था कि इस प्रकार मुख्यमंत्री का सादगी और अपनेपन के भाव के साथ उनसे मिलना उनके मिलनसार व्यक्तित्व की झलक दिखाता है।

—————

(Udaipur Kiran) / अनिल

Most Popular

To Top