Madhya Pradesh

मुख्यमंत्री कन्यादान योजना गरीब परिवारों के लिए वरदानः उप मुख्यमंत्री शुक्ल

रीवा में आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम
कृत्रिम बुद्धिमत्ता- अवसर एवं चुनौतियाँ विषय पर आयोजित राष्ट्रीय सेमिनार
उप मुख्यमंत्री ने स्व. अर्जुन सिंह चौहान के आवास पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की

– सामूहिक विवाह कार्यक्रम में 362 जोड़े दांपत्य सूत्र में बंधे, उप मुख्यमंत्री ने दी शुभकामनाएं

रीवा, 08 फरवरी (Udaipur Kiran) । उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्यादान योजना गरीब परिवारों के लिए वरदान है। गरीब बच्चियों की शादी की समस्त जिम्मेदारी सरकार की होती है, प्रशासन द्वारा सभी व्यवस्थाएं की जाती हैं और धूमधाम से कन्याओं का विवाह-निकाह होता है। उप मुख्यमंत्री शुक्ल शनिवार को रीवा में आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में 362 जोड़े दांपत्य सूत्र में बंधे जिन्हें उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने शुभकामना दीं।

उन्होंने कहा कि यह सरकार गरीबों, किसानों, बेटियों, युवाओं की सरकार है। हर वर्ग की भलाई के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। मुफ्त अनाज, नि:शुल्क इलाज की सुविधा के साथ ही पक्के आवास व हर घर में जल पहुंचाने का का प्राथमिकता से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा आगामी वर्षों में तीन करोड़ प्रधानमंत्री आवास बनाकर गरीबों को दिए जाएंगे।

शुक्ल ने कहा कि आज के सामूहिक विवाह कार्यक्रम में प्रदेश सरकार द्वारा 18 लाख रुपये खर्च किए गए हैं तथा प्रति जोड़े 49 हजार रुपए के मान से लगभग एक करोड़ 75 लाख रुपये बेटियों को दिए जा रहे हैं। उन्होंने नवयुगलों को नवीन जीवन की शुभकामनाएं दीं। शुक्ल ने कहा कि प्रदेश में मातृ व शिशु मृत्यु दर को कम किए जाने में सभी को सहभागी बनना होगा। सभी लोग नियमित अपने स्वास्थ्य की जाँच कराएं। अल्ट्रासाउंड जाँच कराकर माँ व बच्चे सुरक्षित रहें। उन्होंने अपेक्षा की कि एएनएम व आशा कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करें और सभी मिलकर स्वस्थ रीवा, स्वस्थ मध्यप्रदेश और स्वस्थ देश बनाने में सहभागी बनें।

इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्षनीता कोल, भाजपा जिला अध्यक्ष वीरेन्द्र गुप्ता, अध्यक्ष नगर निगम व्यंकटेश पाण्डेय, जनप्रतिनिधिगण, संयुक्त संचालक सामाजिक न्याय अनिल दुबे सहित बड़ी संख्या में नवविवाहित जोड़े तथा उनके परिजन उपस्थित रहे।

सेमिनार के माध्यम से बच्चों को अपडेट व अपग्रेड होने के अवसर मिलेंगेः उप मुख्यमंत्री शुक्ल

उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता- अवसर एवं चुनौतियाँ विषय पर आयोजित राष्ट्रीय सेमिनार बच्चों को अपडेट व अपग्रेड होने के अवसर उपलब्ध कराएगी। सेमिनार में सीखी गई बातों से छात्र भविष्य में आने वाली चुनौतियों का कुशलतापूर्वक मुकाबला कर सकेंगे। उप मुख्यमंत्री शुक्ल शनिवार को शासकीय कन्या महाविद्यालय रीवा में कृत्रिम बुद्धिमत्ता – अवसर एवं चुनौतियाँ विषय पर आयोजित दो दिवसीय सेमिनार के समापन अवसर पर अपने विचार व्यक्त कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि एआई भविष्य की दुनिया है। इसे आधार मानकर आयोजित किया गया सेमिनार विद्यार्थियों को व्यापार, उद्योग, रोजगार एवं अर्थव्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में आने वाली चुनौतियों का सामना करने में मददगार साबित होगा। उन्होंने सेमिनार आयोजन के लिए आयोजकों की प्रशंसा की तथा कहा कि महाविद्यालयों व विद्यालयों में ऐसे सेमिनार लगातार होने चाहिए ताकि इनका लाभ आने वाली पीढ़ी को मिल सके। उन्होंने कहा कि सफर में धूप तो होगी अगर निकल सको तो चलो, यहाँ कोई किसी को रास्ता नहीं देता अपने आप को बदल सको तो चलो। श्री शुक्ल ने युवा पीढ़ी का आह्वान किया कि देश को विश्वगुरू बनाने में सहभागी बनें।

उप मुख्यमंत्री ने स्व. अर्जुन सिंह चौहान के आवास पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की

इससे पहले उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने वरिष्ठ नेता स्व. अर्जुन सिंह चौहान के आवास पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। शुक्ल ने स्वर्गीय चौहान के चित्र के सम्मुख पुष्प अर्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा शोकाकुल परिजनों को ढाढस बंधाया।

(Udaipur Kiran) तोमर

Most Popular

To Top