
-अहमदाबाद सहित पूरे राज्य में 10 श्रमिक सुविधा केंद्र बनाने की याेजना
गांधीनगर, 12 दिसंबर (Udaipur Kiran) । मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर गुरुवार को अहमदाबाद में श्रमिक सुविधा केंद्र के लोकार्पण किया गया। इस केंद्र के माध्यम से सरकार ने राज्य के श्रमिकों को एक विशिष्ट भेंट दी है।
मुख्यमंत्री पटेल ने गुरुवार को अहमदाबाद में राज्य के पहले श्रमिक सुविधा केंद्र का लोकार्पण किया। रोजगार और ठेके पर मजदूरी कार्य करने के लिए कड़िया नाका पर इकट्ठा होने वाले श्रमिकों के लिए यह सुविधा केंद्र भोजन और रिफ्रेशमेंट का एक प्रमुख स्थल बनेगा। राज्य सरकार की मंशा अहमदाबाद सहित राज्य भर में 10 ऐसे श्रमिक सुविधा केंद्र बनाने की है। श्रमिक सुविधा केंद्र में बैठकर भोजन करने के लिए बैठक स्थल और वॉशरूम सहित तमाम बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हैं।
इतना ही नहीं, श्रमिक ठेकेदार यहां आकर अपनी जरूरत के अनुसार श्रमिकों को ढूंढ़कर उनसे मुलाकात कर सकते हैं। साथ ही, श्रमिकों को उनकी मजदूरी का भुगतान करने के लिए भी इस केंद्र का उपयोग हो सकता है। श्रमिक अब कड़िया नाका पर सड़क किनारे खड़े रहने के बजाय इस श्रमिक सुविधा केंद्र में बैठकर सर्दी, गर्मी और बारिश की मार से बच पाएंगे। मुख्यमंत्री ने आज जहां श्रमिक सुविधा केंद्र का लोकार्पण किया, उस स्थल पर अहमदाबाद का 99वां और राज्य का 291वां श्रमिक अन्नपूर्णा केंद्र भी शुरू किया गया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने श्रमिक अन्नपूर्णा केंद्र में जाकर श्रमिकों को भोजन भी परोसा। राज्य सरकार का लक्ष्य पूरे राज्य में 99 और श्रमिक अन्नपूर्णा केंद्र बनाने का है।
मुख्यमंत्री पटेल के मार्गदर्शन में श्रमिकों को रियायती दरों पर भोजन और चाय के साथ ही अब रिफ्रेशमेंट, आराम करने और एकत्रित होने का सुविधाजनक स्थान मिलने से राज्य में श्रम को सम्मान देने की परिपाटी मजबूत होगी।
कार्यक्रम में अहमदाबाद की महापौर प्रतिभा जैन, उप महापौर जतिनभाई पटेल और मनपा स्थायी समिति के अध्यक्ष देवांग दाणी, मनपा आयुक्त एम. थेन्नारसन, क्षेत्र की विधायक डॉ. पायलबेन कुकराणी तथा अहमदाबाद महानगर पालिका के अधिकारी, पुलिस कर्मी, श्रमिक और नगरजन उपस्थित रहे।
—————
(Udaipur Kiran) / बिनोद पाण्डेय
