Gujarat

वडनगर के प्राचीन हाटकेश्वर मंदिर के स्वर्णमंडित शिखर का मुख्यमंत्री ने किया लोकार्पण

हाटकेश्वर मंदिर का स्वर्णमय शिखर
वडनगर में आयोजित हो रहे तीन दिवसीय शिव पंचायत प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में शामिल मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल एवं अन्य गणमान्य लोग।

हाटकेश्वर मंदिर के लाइट एंड साउंड शो और यज्ञशाला का भी लोकार्पण

मेहसाणा, 24 मार्च (Udaipur Kiran) । जिले के वडनगर का ऐतिहासिक हाटकेश्वर मंदिर का शिखर स्वर्णमंडित कर दिया गया है। मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने सोमवार को यहां एक समारोह में इस स्वर्ण शिखर का लोकार्पण किया। साथ ही हाटकेश्वर मंदिर के लाइट एंड साउंड शो और यज्ञशाला का भी लोकार्पण किया गया।

मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल सोमवार को वडनगर में चल रहे तीन दिवसीय शिव पंचायत प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने यहां हाटकेश्वर मंदिर के लाइट एंड साउंड शो, स्वर्ण शिखर, ध्वजारोहण तथा नवनिर्मित यज्ञशाला का लोकार्पण कार्यक्रम किया। राजस्थान के धोलपुर के पत्थर से बने यज्ञशाला में सीमेंट और कंक्रीट का इस्तेमाल नहीं किया गया है। मंदिर के शिखर को स्वर्णमंडित करने के लिए करीब 1400 ग्राम सोना लगा है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जन्मभूमि वडनगर पुरातत्वीय अनुभवात्मक संग्रहालय, कीर्ति तोरण, शर्मिष्ठा सरोवर, ताना-रीरी पार्क, बुद्धिस्ट मॉनेस्ट्री, थीम पार्क जैसी विरासतों के परिणामस्वरूप देश-विदेश के पर्यटकों के आकर्षण का केन्द्र बना है। पुराण प्रसिद्ध हाटकेश्वर महादेव की गाथा का वर्णन करने वाले अत्याधुनिक लाइट एंड शो के माध्यम से अब इन आकर्षणों में एक और नजराना जुड़ा है। उन्होंने कहा कि गुजरात के महत्वपूर्ण तीर्थस्थानों में प्रमुख माने जाने वाले वडनगर स्थित हाटकेश्वर महादेव मंदिर का धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व अद्वितीय है। यहां भगवान शिव स्वयंभू पाताल लोक से पृथ्वी पर प्रकट हुए थे। हाटकेश्वर महादेव के इस मंदिर का पुरातन इतिहास ‘नागरखंड’ तथा ‘स्कंद पुराण’ में भी उल्लेखित है। नागर जाति के कुलदेवता के रूप में जाने जाने वाले हाटकेश्वर महादेव का यह मंदिर विश्वभर में आस्था का विशिष्ट स्थान है। इस पुरातन मंदिर की शिल्पकला वैभवमय है; जहाँ विशाल मंडप, शिल्पों द्वारा दर्शाए गए विष्णु के दशावतार तथा पांडवों के अरण्यवास से जुड़े शिल्प दर्शनार्थियों का ध्यानाकर्षित करते हैं। आज भी देश-विदेश से नागर समुदाय सहित हजारों भक्त हर वर्ष हाटकेश्वर महादेव के दर्शनार्थ आते हैं।

मुख्यमंत्री ने हाटकेश्वर मंदिर में पूजन-अर्चन किया तथा स्वर्ण शिखर के दाता परिवारों को सम्मानित किया। इस लोकार्पण अवसर पर सामाजिक अग्रणी सोमभाई मोदी, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव एमके दास, पर्यटन विभाग के प्रधान सचिव डॉ. राजेन्द्र कुमार, टीसीजीएल के प्रबंध निदेशक, सांसद हरिभाई, विधायक, स्थानीय अग्रणी, वडनगर नगरपालिका अध्यक्ष व पदाधिकारी, हाटकेश्वर महादेव मंदिर के न्यासी तथा नागरिक आदि उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि मेहसाणा जिले के वडनगर में स्थित हाटकेश्वर मंदिर का इतिहास करीब दो हजार साल पुराना है। यहां कच्छप (कछुआ) रूपी भगवान विष्णु और नंदी विराजित हैं। 17वीं सदी में नागर ब्राह्मणों ने इस मंदिर का जीर्णोद्धार कराया था। हाटकेश्वर मंदिर दर्शन को आने वाले श्रद्धालुओं काे पौराणिक इतिहास को जानकारी देने के लिए गुजरात पर्यटन निगम लिमिटेड (टीसीजीएल) ने 5.53 करोड़ रुपये की लागत से यहां अत्याधुनिक लाइट एंड शो का कार्यक्रम शुरू किशा है।

—————

(Udaipur Kiran) / बिनोद पाण्डेय

Most Popular

To Top