Uttrakhand

मुख्यमंत्री ने 5वें राज्य ओलम्पिक खेलों का किया शुभारंभ, बोले- खिलाड़ियों को प्रतिभा दिखाने का मिलेगा मौका

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह शनिवार को रुद्रपुर में पंचम राज्य ओलम्पिक खेल कार्यक्रम को संबोधित करते।।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह शनिवार को रुद्रपुर में पंचम राज्य ओलम्पिक खेलों का शुभारंभ कार्यक्रम में।

रुद्रपुर, 21 सितंबर (Udaipur Kiran) । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को रुद्रपुर स्थित मनोज सरकार स्पोर्ट्स स्टेडियम में 5वें राज्य ओलंपिक खेलों का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन उत्तराखंड के खिलाड़ियों को ना सिर्फ अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका देगा, बल्कि उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान स्थापित करने के लिए प्रेरित भी करेगा।

इससे पहले मुख्यमंत्री धामी के स्टेडियम पहुंचने पर खिलाड़ियों ने पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय व ओलंपिक ध्वज फहराकर विभिन्न जनपदों से आये खेल दलों के मार्चपास्ट की सलामी ली और शुभांकर व मेडल का अनावरण कर खेलों का विधिवत शुभारम्भ किया। यह खेल 27 सितम्बर तक आयोजित होगा।

मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों, जिला प्रशासन, राज्य ओलंपिक संघ को बधाई देते हुए कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य खेलों की विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित करवाना और उत्तराखंड के सुदूरवर्ती क्षेत्रों सहित सभी मेहनती और समर्पित खिलाड़ियों को एक स्तरीय मंच प्रदान करना है। जिसके वे अपने खेल को एक नई दिशा प्रदान कर सकें। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में खेल के क्षेत्र में उत्तराखंड को एक अग्रणी राज्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। प्रदेश के आवासीय स्पोर्ट्स कॉलेजों के खिलाड़ियों को निःशुल्क प्रशिक्षण, शिक्षा, आवास, भोजन एवं किट आदि प्रदान किए जा रहे हैं। “मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना“ और “मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना’ के जरिए प्रदेश के उभरते हुए खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति दी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के साथ ही राज्य में स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर को भी मजबूत बनाया जा रहा है। नए खेल मैदानों का निर्माण एवं मौजूदा खेल मैदानों को राष्ट्रीय स्तर के मैदान के रूप में विकसित करना का कार्य भी जारी है। जिससे हमारे प्रदेश में स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास हो सके। उन्होंने कहा कि 264 करोड़ रुपये की लागत से जल्द ही चंपावत में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज की स्थापना की जाएगी। इसके साथ ही, हम बहुत जल्द राज्य में “खेल विश्वविद्यालय“ भी लाएंगे, जिससे हमारे खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण, सुविधाएं और अधिक अवसर प्राप्त हो सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश को आगामी “राष्ट्रीय खेलों“ की मेजबानी करने का सुअवसर प्राप्त हुआ है। इस आयोजन को ध्यान में रखते हुए प्रदेश में अवस्थापना सुविधाओं का विकास किया जा रहा है साथ ही खिलाड़ियों के प्रशिक्षण के लिए प्रशिक्षण शिविरों का भी आयोजन किया जा रहा है। उन्होने कहा कि राज्य खेलों में अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को निश्चित ही राष्ट्रीय खेलों में भी प्रतिभाग करने का अवसर प्राप्त होगा। उन्होंने सभी खिलाड़ियों से मेहनत के साथ राज्य खेलों में पदक हासिल करने के साथ ही आगामी राष्ट्रीय खेलों में भी अधिक से अधिक पदक प्राप्त कर राज्य का नाम रोशन करने की अपेक्षा की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य खेलों का यह आयोजन आपके खेल करियर को नई दिशा और गति देने का माध्यम बनेगा। मुख्यमंत्री ने रुद्रपुर में ओलंपिक संघ के कार्यालय के लिए भूमि चिन्हित करने के जिलाधिकारी को निर्देश दिए।

इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट ने सभी खिलाड़ियों को 5वें राज्य ओलंपिक खेल 2024 की बधाई देते हुए कहा कि खेल हमें अनुशासन सिखातें है। खेल स्वास्थ्य एवं मानसिक और शारीरिक विकास के लिए अति आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों और युवाओं को खेलों के लिए प्रेरित करें ताकि भविष्य में मैडल जीत कर प्रदेश व देश का नाम रोशन कर सकें।

————-

(Udaipur Kiran) / राजेश कुमार

Most Popular

To Top