Gujarat

मुख्यमंत्री ने सिविल सेवा और जीपीएससी में चयनित पाटीदार युवाओं काे किया सम्मानित

नवनियुक्त अधिकारियों के साथ मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल और सरदार धाम के पदाधिकारी।

अहमदाबाद, 4 मई (Udaipur Kiran) । मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देसी रजवाड़ों को एक कर ‘एक भारत’ का निर्माण किया था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ’श्रेष्ठ भारत’ के निर्माण का बीड़ा साकार किया है। राष्ट्र की सुरक्षा को सुनिश्चित करने एवं राष्ट्रीय हित के लिए कठोर निर्णय लेने में प्रधानमंत्री कोई कमी नहीं छोड़ेंगे।

मुख्यमंत्री पटेल रविवार को अहमदाबाद स्थित सरदारधाम में सम्मान समारोह में शामिल हुये। इस कार्यक्रम में अखिल भारतीय सिविल सेवाओं तथा गुजरात लोक प्रशासन सेवा में चयनित पाटीदार युवाओं का सम्मानित भी किया गया। मुख्यमंत्री पटेल ने सबसे पहले परिसर में स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल की विशाल प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की इसके बाद युवाओं को संबोधित किया। मुख्यमंत्री पटेल ने कहा कि राष्ट्र की सुरक्षा को सुनिश्चित करने एवं राष्ट्रीय हित के लिए कठोर निर्णय लेने में नरेन्द्र मोदी कोई कमी नहीं छोड़ेंगे। पटेल ने कहा कि भावी चुनौतियों से निपटने तथा ‘बैक टु बेसिक’ के मंत्र के साथ विकास करने का हमारा ध्येय है। बदलते समय के अनुरूप नवीनता तथा बदलती टेक्नोलॉजी के साथ भारत व गुजरात आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने जोड़ा कि गुजरात में सेमीकंडक्टर का उत्पादन होना सभी गुजरातियों के लिए गर्व करने की बात है।

विकसित भारत के अभियान को स्वतंत्रता अभियान से जोड़ते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें स्वतंत्रता आंदोलन में जुड़ने का अवसर नहीं मिला है, परंतु विकसित भारत तथा विकसित गुजरात के अभियान में हम निश्चित रूप से जुड़ें। छोटा प्रयास बड़े परिवर्तन की शुरुआत है। उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ तथा ‘जल संचय’ आदि अभियानों में जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में बनने वाली केन्द्र एवं राज्य सरकार की सभी योजनाओं के केन्द्र में अंतिम पंक्ति के व्यक्ति के विकास का विचार है, जिसे साकार करने में प्रतियोगी परीक्षा में सफल हुए युवा प्रभावी योगदान दे सकेंगे। उन्होंने समाज एवं सरकार के परस्पर सहयोग से दाेगुनी गति से विकास होने की आशा व्यक्त कर समग्र आयोजन के लिए सरदारधाम संस्था की प्रशंसा की।

समारोह में मुख्यमंत्री ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) में सफल होने वाले चार पाटीदार युवाओं मितुल पटेल, उत्सव जोगाणी, राजन जालोत्रा तथा तुषार मेंदपरा को सम्मानित किया गया। साथ ही साथ भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के पूर्व अधिकारियों तथा हाल में सरदारधाम से जुड़े टीजी झालावडिया, सीएल मीणा, कृष्णकुमार जालान काे सम्मानित किया गया। इसके अलावा सरदारधाम संस्था की शैक्षणिक एवं सामाजिक गतिविधियों में उदार हृदय से दान देने वाले दाताओं को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विश्व स्तर पर कराटे प्रतियोगिता में भारत का नाम रोशन करने वाली अमायरा पटेल को भी मुख्यमंत्री ने सम्मान पत्र प्रदान कर अभिनंदन दिया। समारोह में सरदारधाम के प्रमुख सेवक गंगजीभाई सुतरिया ने स्वागत संबोधन किया। समारोह में सरदारधाम के ट्रस्टी, आमंत्रित महानुभाव, संस्था के फैकल्टीज सहित विद्यार्थी एवं अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / बिनोद पाण्डेय

Most Popular

To Top