
शिमला, 07 दिसंबर (Udaipur Kiran) । बिलासपुर जिले के घुमारवीं निवासी और स्वतंत्रता संग्राम में अग्रणी भूमिका निभाने वाले स्वतंत्रता सेनानी शालिग्राम के निधन पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शालिग्राम प्रजातंत्र मंडल के समर्पित सदस्य थे और उन्होंने अपने संघर्ष, त्याग और देशप्रेम से स्वतंत्रता संग्राम को मजबूत किया। उनका जीवन त्याग और राष्ट्रभक्ति की जीवंत मिसाल है। शालिग्राम का योगदान न केवल स्वतंत्रता संग्राम में बल्कि सामाजिक आंदोलनों में भी अविस्मरणीय रहेगा।
मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य और संबल प्रदान करने की कामना की। उन्होंने कहा कि हमने एक महान स्वतंत्रता सेनानी और प्रेरणा स्रोत को खो दिया है। शालिग्राम की स्मृति सदैव अमर रहेगी।
—————
(Udaipur Kiran) शुक्ला
