
भोपाल, 12 फरवरी (Udaipur Kiran) । मुख्य सचिव अनुराग जैन ने बुधवार को नई दिल्ली में जीआईएस-2025 के इन्वेस्ट एमपी कर्टेन रेजर कार्यक्रम में कहा कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डायनेमिक और इंडस्ट्री फ्रेंडली है। उनका मानना है कि विकास समन्वित और चहुँमुखी होना चाहिए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव की इसी विचार के कारण मध्य प्रदेश में 7वीं ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट पहली बार भोपाल में आयोजित होने जा रही है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा इस समिट के पहले प्रदेश के विभिन्न अंचलों में विकास को तीव्र गति से पहुँचाने के लिये रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री ने देश के प्रमुख शहरों के साथ ही यूके, जर्मनी और जापान जाकर निवेशकों को मध्य प्रदेश के विकास में भागीदार बनने के लिये आमंत्रित किया।
मुख्य सचिव जैन ने कहा कि जीआईएस-2025 झीलों के शहर भोपाल में रिजर्व फॉरेस्ट के बीच प्राकृतिक सौन्दर्य के विशिष्ट वातावरण में होने जा रही है। उन्होंने ऋग्वेद का उल्लेख करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश की जीवनदायिनी नर्मदा नदी के दर्शन मात्र से पुण्य प्राप्त होता है। प्रदेश का इंदौर शहर सात बार से लगातार स्वच्छता में प्रथम स्थान प्राप्त कर रहा है और प्रदेश स्वच्छता में दूसरे स्थान पर है। मध्य प्रदेश नवकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में अग्रणी प्रदेश है। अभी यहाँ पर कुल ऊर्जा में नवकरणीय ऊर्जा की हिस्सेदारी 30 प्रतिशत की है, जो कि 2030 तक बढ़कर 50 प्रतिशत हो जायेगी। उन्होंने उद्योगपतियों से प्रदेश में आकर निवेश करने का अनुरोध किया।
निवेश की अपार संभावनाएं हैं मध्य प्रदेश में
प्रमुख सचिव राघवेन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि मध्य प्रदेश में निवेश की अपार संभावनाएं हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव अपना सर्वाधिक समय उद्योग विभाग को देकर प्रदेश को औद्योगिक हब बनाने के लिये कृत संकल्पित होकर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने मध्य प्रदेश में होने वाली जीआईएस-2025 की विशेषताओं का उल्लेख करते हुए बताया कि इसमें सेक्टर- वाइस समिट होंगी और हर उद्योगपति को निवेश के लिये सरल और सहज सुविधाएं मुहैया कराई जायेंगी। कार्यक्रम के दौरान जीआईएस-2025 पर केन्द्रित लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया।
(Udaipur Kiran) तोमर
