Madhya Pradesh

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सीतामऊ में कृषि उद्योग समागम : 2025 को किया संबोधित

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सीतामऊ में कृषि उद्योग समागम : 2025 को किया संबोधित

मंदसौर, 3 मई (Udaipur Kiran) । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश आर्थिक रूप से सम्पन्न हो रहा है। नीति आयोग के अनुसार मध्य प्रदेश, देश में सबसे तेज गति से प्रगति करने वाला राज्य है। आने वाले समय में प्रगति की गति ओर तेज होने वाली है। राज्य सरकार कृषकों को बिजली में आत्मनिर्भर बनाने जा रही है। अब किसान सौर ऊर्जा से स्वयं बिजली बनाएंगे और पम्प चलाएंगे। उनके द्वारा अपनी आवश्यकता से अधिक बिजली पैदा करने पर राज्य सरकार किसानों से बिजली खरीदेगी और उसका भुगतान भी करेगी। किसानों को मात्र 10 प्रतिशत राशि पर सौर पम्प उपलब्ध कराए जाएंगे। पांच, तीन, दो हार्स पॉवर तक के सौर पम्प के लिए मात्र 10 प्रतिशत राशि जमा कराने पर शेष राशि राज्य सरकार द्वारा किसानों को उपलब्ध कराई जाएगी। इस योजना से किसानों को बिजली के बिल से मुक्ति मिलेगी। तीन साल के अंदर 32 लाख सोलर पम्प उपलब्ध कराए जाएंगे। किसान, कृषि पम्प चलाने, घर में बिजली के उपयोग या अन्य प्रयोजनों के लिए अपनी बिजली स्वयं बना सकेंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव शनिवार को सीतामऊ में कृषि उद्योग समागम : 2025 को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मंदसौर, नीमच क्षेत्र के किसानों द्वारा ली जा रही विविधतापूर्ण उपजों के लिए उनकी सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार द्वारा इसे प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ही सीतामऊ में उन्नत कृषि पर केन्द्रित यह आयोजन किया गया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि विदेशी तकनीक से लेकर स्थानीय जुगाड़ तक को प्रोत्साहित करते हुए खेती को फायदेमंद बनाने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि गौपालन को प्रोत्साहित कर दुग्ध उत्पादन की क्षमता बढ़ाई जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हाल ही में गांधी सागर क्षेत्र में चीते छोड़े गए हैं। इससे पर्यटन को प्रोत्साहन मिलेगा और स्थानीय निवासियों को होम-स्टे सहित अन्य पर्यटन गतिविधियों के माध्यम से रोजगार के अवसर उपलब्ध हो सकेंगे।

95 करोड़ के निर्माण कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया

मुख्यमंत्री ने 33 करोड़ 14 लाख से निर्मित (सीएम राइज स्कूल) महर्षि सांदीपनी विद्यालय भवन का चंदवासा एवं 33 करोड़ 49 लाख की लागत से निर्मित महर्षि सांदीपनी विद्यालय भवन का लदुना का लोकार्पण किया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने 19 करोड़ 31 लाख रुपए की लागत से निर्मित सुवासरा रूनिजा गुराडिया कला मार्ग का लोकार्पण एवं 9 करोड़ 10 लाख की संयुक्त तहसील कार्यालय भवन कयामपुर का भूमिपूजन किया।

कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, जिले की प्रभारी मंत्री एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की मंत्री सुश्री निर्मला भुरीया, सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण उद्यानिकी तथा खाद्य प्रसंस्करण मध्यप्रदेश शासन के मंत्री नारायण सिंह कुशवाह, किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग मध्य शासन के मंत्री एदल सिंह कंषाना, लोक सभा सांसद सुधीर गुप्ता, राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर, जिला पंचायत अध्यक्षा श्रीमती दुर्गा विजय पाटीदार, सुवासरा विधायक हरदीप सिंह डंग, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित सहित अन्य सभी जनप्रतिनिधि प्रशासनिक अधिकारियों में मुख्य सचिव मध्य प्रदेश शासन अनुराग जैन, उद्यानिकी विभाग एवं कृषि विभाग के आयुक्त एवं संचालक, उज्जैन आयुक्त, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक अन्य सभी अधिकारी, कर्मचारी, बड़ी संख्या में किसान, पत्रकार मौजूद थे।

सीएम ने विधायक डंग को टोका

कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय विधायक हरदीपसिंह डंग अपना उद्बोधन दे रहे थे। तभी वे बहुत सारी मांगे सीएम के सामने रख रहे थे। तब सीएम ने उन्हें अपने पास बुलाया और कहा कि इतना दिया है और भी देगे आज जो इतना मिल रहा है इसका आनंद लो। इसके बाद विधायक डंग ने अपना भाषण समाप्त किया।

गिरवी रख देना, लोन ले लेना पर जमीन नहीं बेचना- सीएम

इस दौरान मुख्यमंत्री ने मंच से मंदसौर की जनता को संबोधित करते हुए कहा कि क्षेत्र से किसी मरीज को रेफर करने के लिए सरकार जल्द ही एयर एम्बुलेंस की व्यवस्था करवाएगी। इसके साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की, कहा घर में कितनी भी परेशानी आए अपनी जमीन नहीं बेचना, चाहे घर गिरवी रख देना, लोन ले लेना, लेकिन जमीन को बचा कर रखना।

कांग्रेसियों को बीच में रोका पुलिस ने

मुख्यमंत्री की सभा में विरोध प्रदर्शन करने पहुंचे कांग्रेस कार्यकतार्ओं को पुलिस ने सीतामऊ स्थित गुरुकृपा होटल के पास से हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। कांग्रेसी हाथों में तख्तियां लेकर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचना चाहते थे। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो वे नारेबाजी करने लगे। बात न मानने पर हिरासत में लिया गया। तख्तियों में गेहूं के दाम 2700 रुपए और लाडली बहना योजना को 3000 दो लिखा था।

—————

(Udaipur Kiran) / अशोक झलोया

Most Popular

To Top