Sports

राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड का जलवा, मुख्यमंत्री धामी ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

देहरादून, 12 फ़रवरी (Udaipur Kiran) । उत्तराखंड के लिए गर्व का क्षण तब आया जब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को हरिद्वार स्थित वंदना कटारिया स्पोर्ट्स स्टेडियम में 38वें राष्ट्रीय खेलों के तहत आयोजित कुश्ती और हॉकी प्रतियोगिता में शिरकत की। इस मौके पर उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साहवर्धन किया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा, राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी हमारे लिए एक बड़ा अवसर है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया, जिनकी वजह से उत्तराखंड को इस प्रतिष्ठित आयोजन की जिम्मेदारी मिली। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खेलों के सभी आयोजन बेहतरीन ढंग से संपन्न हो रहे हैं, और देशभर से आए खिलाड़ी उत्तराखंड में खेलों के साथ-साथ इसकी संस्कृति और आतिथ्य सत्कार का भी शानदार अनुभव ले रहे हैं।

उत्तराखंड ने खेलों में रचा इतिहास

मुख्यमंत्री ने इस दौरान उत्तराखंड की खेल उपलब्धियों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड इस बार पदक तालिका में शीर्ष 10 राज्यों में शामिल है, जबकि पिछले 37वें राष्ट्रीय खेलों में राज्य का स्थान 25वां था। उन्होंने इसे खिलाड़ियों की मेहनत और राज्य सरकार की प्रभावी खेल नीति का परिणाम बताया।

उन्होंने कहा कि अब उत्तराखंड सिर्फ देवभूमि ही नहीं, बल्कि खेल भूमि के रूप में भी अपनी पहचान बना रहा है। राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतरीन सुविधाएं उपलब्ध करा रही है, जिससे युवा खेलों को करियर के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित हो रहे हैं।

खेल सुविधाओं का हो रहा विस्तार

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड में खेल सुविधाओं के विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। हरिद्वार और देहरादून में कई अत्याधुनिक खेल संरचनाओं का निर्माण किया गया है, जिनमें वेलोड्रोम, स्विमिंग पूल और साइकिलिंग ट्रैक जैसी स्थायी सुविधाएं शामिल हैं। इससे खिलाड़ियों को अपने खेल को निखारने में मदद मिलेगी।

ड्रग्स-फ्री उत्तराखंड में खेलों की अहम भूमिका

युवाओं को नशे से दूर रखने पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, जब बच्चे खाली होते हैं, तो उनके गलत संगति में पड़ने की संभावना अधिक होती है। लेकिन खेल एक ऐसा माध्यम है, जो उन्हें सकारात्मक दिशा में ले जाता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ड्रग्स-फ्री उत्तराखंड बनाने के लिए खेलों को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान दे रही है।

खिलाड़ियों को दिया समर्थन का आश्वासन

मुख्यमंत्री धामी ने सभी खिलाड़ियों को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और आश्वासन दिया कि राज्य सरकार हर स्तर पर खिलाड़ियों को समर्थन देगी ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड का नाम रोशन कर सकें।

—————

(Udaipur Kiran) दुबे

Most Popular

To Top