RAJASTHAN

मुख्यमंत्री भजनलाल का अनगढ़ बावजी में संभावित दौरा, होगा पौधारोपण, तैयारियों का लिया जायजा

चित्तौड़गढ़ जिले में सीएम भजन लाल के संभावित दौरे को लेकर निरीक्षण करते सांसद सीपी जोशी।

चित्तौड़गढ़, 8 सितंबर (Udaipur Kiran) । मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा आगामी 17 या 19 सितम्बर को चित्तौड़गढ़ जिले में स्थित अनगढ़ बावजी आ सकते हैं। यहां वैदिक मंत्रोचार के साथ पौधारोपण का कार्यक्रम है। सीएम भजनलाल के संभावित दौरे को लेकर तैयारियां शुरू हो गई है। सांसद एवं भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने तैयारियों का जायजा लिया है। वहीं दौरे को लेकर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी नजर रखे हुवे हैं।

अनगढ़ बावजी तीर्थ स्थल पर आयोजित होने वाले धार्मिक विधि-विधान से पौधारोपण कार्यक्रम को लेकर भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सीपी जोशी रविवार को आयोजनस्थल पर पहुंचे। आयोजन स्थल का दौरा कर आवश्यक दिशा निर्देश प्रदान किए। सूत्रों की मानें तो अनगढ़ बावजी तीर्थ स्थल पर 17 या 19 सितंबर को पौधारोपण कार्यक्रम हो सकता है। इसी को लेकर सांसद सीपी जोशी ने मौका निरीक्षण किया। यहां चातुर्मास आयोजन स्थल के पीछे की और जमीन पर करीब 2000 पौधे लगाने की योजना है। इसके लिए विद्वान पंडितो की और से वैदिक मित्रों के साथ धार्मिक महत्व के छायादार पौधे लगाने का कार्यक्रम है। इससे पूर्व में भी यहां पर सभी पौधों की 1100 जोड़ों की उपस्थिति में विधि विधान के साथ पूजा अर्चना की जाएगी। बाद में पौधारोपण किया जाएगा। इसी कार्यक्रम को लेकर आयोजन स्थल, पौधारोपण स्थल सहित विभिन्न स्थानों का मौका निरीक्षण किया। बताया जा रहा है कि इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेंगे। इस कार्यक्रम को लेकर मुख्यमंत्री की यात्रा भी संभावित हो सकती हैं। इसी के अनुरूप तैयारी की जा रही है।

निरीक्षण के दौरान भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रतनलाल गाडरी जिला उपाध्यक्ष श्रवणसिंह, भूमि विकास बैंक के पूर्व अध्यक्ष कमलेश पुरोहित, प्रदीप लड्ढा, पूर्व मंडल अध्यक्ष अशोक पारलिया, रतनलाल गाडरी सुखवाड़ा, मंदिर पुजारी मांगीलाल गाडरी, किशनलाल गाडरी सहित भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे। इधर, जानकारी मिली है कि एक-दो दिन पूर्व पुलिस अधिकारियों ने भी आयोजन स्थल का अवलोकन किया था। गौरतलब है कि अनगढ़ बावजी में गत वर्ष सूरजकुंड के संत अवधेश चैतन्य महाराज का चातुर्मास हुआ था। इसमें लाखों की संख्या में श्रद्धालु दर्शनार्थ पहुंचे थे। पूर्व सीएम वसुंधरा राजे, तत्कालीन सीएम अशोक गहलोत सहित केंद्र व प्रदेश सरकार के मंत्रियों सहित कई जनप्रतिनिधि दर्शनार्थ पहुंचे थे।

—————

(Udaipur Kiran) / अखिल

Most Popular

To Top