Assam

डिब्रूगढ़ में मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री ने दो फ्लाईओवरों का किया उद्घाटन

डिब्रूगढ़ में मुख्यमंत्री डॉ हिमंत बिस्व सरमा और केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल फ्लाईओवर उद्घाटन के मौके पर।।

डिब्रूगढ़ (असम), 27 अप्रैल (Udaipur Kiran) । मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा और केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने आज डिब्रूगढ़ में डॉ. लीला गोगोई फ्लाईओवरों और बाग्मीबर नीलमणि फुकन फ्लाईओवरों का उद्घाटन किया। लगभग 117 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इन फ्लाईओवरों के माध्यम से शहरवासियों को सुगम यातायात सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी और ट्रैफिक जाम में भी कमी आएगी।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘परिवहन के माध्यम से परिवर्तन’ के दृष्टिकोण से प्रेरित होकर डिब्रूगढ़ की सड़क संपर्क व्यवस्था को एक नई गति दी गई है। आज मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के साथ मिलकर डॉ. लीला गोगोई और बाग्मीबर नीलमणि फुकन के नाम पर बने इन दो फ्लाईओवरों को जनता को समर्पित करते हुए गर्व महसूस हो रहा है।

सोनोवाल ने कहा, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सदिच्छा, दूरदर्शिता और ईमानदारी के चलते पिछले एक दशक में पूरे पूर्वोत्तर और डिब्रूगढ़ में समग्र विकास, समृद्धि और स्थायी शांति का वातावरण बना है। बीते माह डिब्रूगढ़ से अफस्पा हटाकर केंद्र सरकार ने प्रगति और शांति का संदेश दिया है। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के मजबूत नेतृत्व में असम में सड़क संपर्क के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। डिब्रूगढ़ में मुख्यमंत्री सचिवालय की स्थापना से ऊपरी असम के कई जिलों के लोगों को सरकारी सेवाएं शीघ्रता से मिल रही हैं। डिब्रूगढ़ को असम की दूसरी राजधानी बनाने की दिशा में उठाया गया यह कदम प्रशासनिक व्यवस्था को सशक्त करेगा।

उन्होंने कहा कि, इन फ्लाईओवरों का नाम असम के दो महान साहित्यकारों के नाम पर रखकर उन्हें सम्मानित किया गया है। यह पहल हमारे भाषा-संस्कृति और कला क्षेत्र के महापुरुषों के योगदान को चिरस्थायी बनाने का सराहनीय प्रयास है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में पूर्वोत्तर में आई शांति और प्रगति की प्रेरणा से हम सबको एकजुट होकर विकास की राह पर आगे बढ़ना चाहिए।

इस अवसर पर असम सरकार के मंत्रीगण- प्रशांत फूकन और रूपेश गोवाला, राज्यसभा सांसद रामेश्वर तेली, विधायकगण- पोनाकन बरुवा, बिनोद हज़ारिका, तरंग गोगोई और चक्रधर गोगोई, डिब्रूगढ़ विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. जीतन हजारिका, असम पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष ऋतुपर्ण बरुवा, डिब्रूगढ़ विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष असीम हजारिका, सोनोवाल कछारी स्वायत्त परिषद के मुख्य कार्यकारी सदस्य टंकश्वर सोनोवाल समेत कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

(Udaipur Kiran) / श्रीप्रकाश

Most Popular

To Top