HEADLINES

छत्रपति शिवाजी महाराज के मूर्तिकार जयदीप आप्टे को 10 सितंबर तक पुलिस कस्टडी

छत्रपति शिवाजी महाराज प्रतिमा दुर्घटना मामले के आरोपित जयदीप आप्टे को 10 सितंबर तक पुलिस कस्टडी

मुंबई, 05 सितंबर (Udaipur Kiran) । छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा बनाने वाले मूर्तिकार जयदीप आप्टे को गुरुवार को मालवन कोर्ट ने 10 सितंबर तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया है। मालवन पुलिस स्टेशन की टीम इस मामले में जयदीप आप्टे से गहन पूछताछ कर रही है।

सिंधुदुर्ग में मूर्तिकार जयदीप आप्टे की बनाई गई छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा 26 अगस्त को ढह गई थी। इसके बाद मूर्तिकार जयदीप आप्टे फरार हो गया था। पुलिस ने जयदीप आप्टे के खिलाफ लुकआउट नोटिस भी जारी किया था। बुधवार को देर रात कल्याण पुलिस ने जयदीप आप्टे को पकड़कर मालवन पुलिस को सौंप दिया था। इसके बाद जयदीप आप्टे को आज मालवन कोर्ट में पेश किया गया।

इसके बाद इस मामले की सुनवाई आज सिविल जज महेश देवकाते के समक्ष हुई। सरकारी वकील तुषार भांगे और आरोपित के वकील गणेश सोहनी ने अपना- अपना पक्ष कोर्ट के समक्ष रखा। दोनों पक्षों को सुनने के बाद न्यायाधीश ने जयदीप आप्टे को 10 सितंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया। इस मामले के दूसरे आरोपित कंस्ट्रक्शन कंसल्टेंट चेतन पाटिल की पुलिस हिरासत आज खत्म हो गई थी, इसलिए आज पाटिल को भी कोर्ट में पेश किया गया था। कोर्ट ने चेतन पाटिल को भी 10 सितंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है।

———————————

(Udaipur Kiran) यादव

Most Popular

To Top