
छिंदवाडा, 1 नवंबर (Udaipur Kiran) । छिंदवाड़ा के चौरई विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के विधायक रह चुके चौधरी गंभीर सिंह का आज शुक्रवार सुबह हार्ट अटैक से निधन हो गया। चौधरी गंभीर सिंह को कमलनाथ का बेहद करीबी माना जाता था, हालांकि लाेकसभा चुनाव से पहले वे भाजपा में शामिल हाे गए थे। उनके निधन से चौरई और छिंदवाड़ा में शोक की लहर दौड़ पड़ी।
पूर्व विधायक चौधरी गंभीर सिंह 1995 से 1998 तक छिंदवाड़ा जिले के चौरई से कांग्रेस विधायक रहे थे। उनके करीबी गुंजन शुक्ला ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे चौधरी गंभीर सिंह अपने घर में चाय पीने के बाद कुर्सी पर बैठे थे, तभी अचानक उन्हें अटैक आया। उनके मुंह से झाग आने के बाद उनका बेटा तत्काल उन्हें पास ही एक डॉक्टर के पास ले गया। जहां जांच के बाद डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। आज शाम 4 बजे उनकी अंत्येष्टि की जाएगी।
बता दें, एक समय में चौधरी गंभीर सिंह कमलनाथ के खासे करीबी थे। अपनी राजनीति सफर की शुरुआत उन्होंने चौरई विधानसभा क्षेत्र में 1995 से की तब वे जिला पंचायत उपाध्यक्ष रहे। इसके बाद उन्होंने 1998 में चौरई विधानसभा क्षेत्र से विधानसभा चुनाव लड़ा, यहां चुनाव जीतकर वह विधायक बने। लेकिन, इसके बाद उन्होंने दो बार और चुनाव लड़ा, लेकिन हार गए। पूर्व विधायक चौधरी गंभीर सिंह कमलनाथ से नाराजगी के चलते लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस छोड़ भाजपा में आ गए थे। वहीं पूर्व सांसद नकुलनाथ और सांसद विवेक बंटी साहू ने उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उनके जाने से छिंदवाड़ा के राजनीतिक जगत को एक बड़ी क्षति हुई हैं।
—————
(Udaipur Kiran) / नेहा पांडे
