Madhya Pradesh

चंदेरी को पर्यटन तीर्थ के रूप में किया जाएगा विकसितः मुख्यमंत्री डॉ. यादव

चंदेरी को पर्यटन तीर्थ के रूप में किया जाएगा विकसितः मुख्यमंत्री डॉ. यादव

चंदेरी में श्रीकृष्ण पर्व कार्यक्रम में शामिल मुख्यमंत्री, कहा- भगवान श्रीकृष्ण ने धर्म के मार्ग पर चलने का दिया संदेश

भोपाल, 26 अगस्त (Udaipur Kiran) । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने हमें धर्म के मार्ग पर चलने का संदेश दिया है। चंदेरी नगरी का संबंध भगवान श्रीकृष्ण से रहा है। चंदेरी पवित्र नगरी है। इस नगरी के विकास में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। चंदेरी को पर्यटन तीर्थ के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने हमें अडिग होकर धर्म के मार्ग पर चलना सिखाया है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव सोमवार को अशोकनगर के चंदेरी की नवीन कृषि उपज मंडी में आयोजित श्रीकृष्ण पर्व कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इस मौके पर करोड़ों रुपये लागत के विकास कार्यों का भूमि-पूजन एवं लोकार्पण किया। उन्होंने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किये। कार्यक्रम में में संस्कृ्ति विभाग, मॉडल स्कूल चंदेरी, लोक कला मंडली चंदेरी तथा वृंदावन के कलाकारों द्वारा कृष्णलीलाओं पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा देश संस्कृति प्रधान देश है। चंदेरी हेण्डलूम पार्क में सभी धर्म के लोगों ने एक साथ हथकरघा पर काम करते हुए चंदेरी साड़ी को विश्व में प्रसिद्ध किया है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने 11 साल की उम्र में शिक्षा का महत्व बताया और कर्म के आधार पर शिक्षा का पाठ भी पढ़ाया है। हमारा सनातन धर्म अदभुत है। भगवान श्रीकृष्ण को माखन चोर कहने वाले प्रसंग को मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विस्तार से बताते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की माता ने उनसे कहा था कि उनके लोगों के द्वारा बनाया गया माखन कंस के घर जाता है। बृजवासियों का माखन कंस के यहां नहीं जाए, इसलिए वे माखन खा जाते थे और दोस्तों के साथ मटकी फोड़ देते थे। उन्होंने यशोदा माता के मातृ प्रेम तथा सुदामा की मित्रता का वर्णन विस्तार से किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिशुपाल की नगरी चंदेरी में श्रीकृष्ण पर्व कार्यक्रम में शामिल होने पर हम सभी गौरवान्वित है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में धार्मिक स्थलों का विकास कर नवीन स्वरूप प्रदान किया जा रहा है। बेहतर शिक्षा के लिए नवीन शिक्षा नीति लागू की गई है। देश में सबसे पहले मध्यप्रदेश में इस नीति को लागू किया गया है। नई शिक्षा नीति में धार्मिक शिक्षा पर भी जोर दिया गया है। इससे निश्चित ही सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा मिलती है। पाठ्यक्रम में श्रीराम, श्रीकृष्ण के पाठ को भी शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में महिला सशक्तिकरण का अभियान चलाया जा रहा है। बहनों के सारे कष्टों को दूर किया जाएगा।

विश्वास अडिग रहेगा: मंत्री शुक्ला

कार्यक्रम में नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा तथा जिले के प्रभारी मंत्री राकेश शुक्ला ने कहा कि कृष्ण जन्माष्टमी का शुभारंभ चंदेरी से हुआ है। इस भूमि पर भगवान श्रीकृष्ण का आना हुआ है। इस भूमि को मैं प्रणाम करता हूँ। यह कार्यक्रम हर वर्ष चंदेरी में मनाया जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जिस विश्वास के साथ जिले का प्रभार सौंपा है, वे उस विश्वास को अडिग बनाये रखेंगे। कार्यक्रम में विधायक जगन्नाथ सिंह रघुवंशी व बृजेन्द्र सिंह यादव, पूर्व सांसद डॉ. केपी यादव और आलोक तिवारी ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यरक्ष अजय प्रताप सिंह यादव, विधायक प्रीतम सिंह लोधी, पूर्व विधायक जजपाल सिंह जज्जी सहित जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी एवं बडी संख्याग में गणमान्यज नागरिक उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने दी सौगातें

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने चंदेरी में आयोजित कार्यक्रम में कई सौगातें दी। उन्होंने कहा कि चंदेरी को पर्यटन तीर्थ के रूप में विकसित किया जाएगा। श्रीकृष्ण पाथेय में चंदेरी को भी शामिल किया जाएगा। अशोकनगर की पर्वतारोही मुस्कान को चार लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। तहसील नईसराय में परीक्षण के उपरांत महाविद्यालय खोला जाएगा। तहसील बहादुरपुर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खोला जाएगा। शिशुपाल गढ़ी कल्याण राय द्वार का जीर्णोद्धार किया जाएगा। चंदेरी के किला कोठी में 5 कक्ष निर्मित किये जाएंगे। गौ-पालकों को 10 गायों से अधिक पालने पर सरकार द्वारा अनुदान दिया जाएगा।

(Udaipur Kiran) /देवेन्द्र ताम्रकर

(Udaipur Kiran) तोमर

Most Popular

To Top